
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:तपोवान नगर पंचायत EO अंजलि का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में अधिशासी अधिकारी(EO) कथित तौर पर “जन जन की सरकार” कार्यक्रम को लेकर यह कहते हुए सुनाई दे रही हैं कि “जनता भौंकती है।” वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स में नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि एक जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी द्वारा आम जनता के लिए इस प्रकार की भाषा का प्रयोग करना बेहद आपत्तिजनक है।
बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला टैक्स वसूली और नगर पंचायत क्षेत्र में कर निर्धारण से जुड़ा हुआ है। वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने राजनीतिक और सामाजिक रंग भी पकड़ लिया है। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर अधिशासी अधिकारी के बयान की आलोचना करते हुए इसे जनता का अपमान बताया है।
वहीं दूसरी ओर अधिशासी अधिकारी अंजलि ने वायरल वीडियो को लेकर अपना पक्ष भी सामने रखा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग उन्हें व्यक्तिगत रूप से निशाना बना रहे हैं क्योंकि वह किसी के दबाव में आकर काम नहीं करती हैं। उनका कहना है कि वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा रही हैं और टैक्स वसूली में किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाता।
अधिशासी अधिकारी ने स्पष्ट किया कि टैक्स सरकारी राजस्व होता है और वह सभी से समान रूप से टैक्स लेने का कार्य कर रही हैं। इसी वजह से कुछ लोग नाराज होकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो को संदर्भ से हटाकर प्रस्तुत किया जा रहा है।
फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों के बीच इस बयान को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। हालांकि अभी तक इस मामले में उच्च अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।



