
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। राजस्थान के जयपुर में “फुटपाथ क्लासेस” संस्था द्वारा आयोजित सेवा रत्न सम्मान समारोह में देशभर के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। 17 मई को आयोजित इस समारोह में उत्तराखंड से दिव्यगति रामानंद फाउंडेशन की टीम को समाज सेवा एवं नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान फुटपाथ क्लासेस के संस्थापक जेपी सर ने बताया कि उनकी संस्था पिछले नौ वर्षों से फुटपाथ पर रहने वाले बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का कार्य कर रही है। समारोह में 10वीं और 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों सहित देशभर के 52 व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर दिव्यगति रामानंद फाउंडेशन द्वारा सराहनीय पहल करते हुए फुटपाथ क्लासेस के दो बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी उठाने की घोषणा भी की गई। कार्यक्रम में देशभर से पहुंचे प्रतिभागियों को सम्मान पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
ऋषिकेश की प्रियंका राणा को भी इस सामाजिक मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए सम्मानित किया गया। हाल ही में उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बॉबी पंवार ने प्रियंका राणा पर विश्वास जताते हुए उन्हें महिला मोर्चा ऋषिकेश महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है।
प्रियंका राणा एवं दिव्यगति रामानंद फाउंडेशन ने यह सम्मान उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा को समर्पित किया।
इस मौके पर स्वाभिमान मोर्चा के प्रदेश महासचिव सुधीर राय ने कहा कि सामाजिक जीवन में इस प्रकार का सम्मान ऋषिकेश और उत्तराखंड के युवाओं के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि प्रियंका राणा द्वारा यह पुरस्कार पार्टी को समर्पित करना संगठन के लिए सम्मान और प्रेरणा का विषय है।



