

Nitya Samachar UK
ऋषिकेश।ऋषिकेश पुलिस ने होटल में चल रहे जुए के खेल का भंडाफोड़ करते हुए 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जुए की फड़ पर रखी 2,80,130 रुपए की नकदी और 208 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपियों की तलाशी के दौरान विभिन्न कंपनियों के 11 मोबाइल फोन भी मिले हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में जनपद में अवैध गतिविधियों और जुआ खेलने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 17 अक्टूबर 2026 को ऋषिकेश पुलिस की टीम गुमानीवाला और श्यामपुर क्षेत्र में होटल चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने गुमानीवाला स्थित होटल सदमार्ग परिवार में पहुंचकर होटल के रजिस्टरों का निरीक्षण किया और कमरों की जांच की।चेकिंग के दौरान होटल की पहली मंजिल पर स्थित कमरा नंबर 102 से शोरगुल सुनाई दिया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो कमरे के अंदर 10 व्यक्ति गोल घेरा बनाकर बैठे हुए थे। उनके बीच ताश के पत्ते और नकदी रखी हुई थी। पुलिस के मुताबिक, मौके पर सभी व्यक्ति हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेलते हुए पाए गए। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में ऋषिकेश के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी शामिल
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रविन्द्र सिंह रावत (34), अभिषेक रौतेला (26), मनोज (33), संजय प्रजापति (32), कमल प्रजापति (25), अजय प्रजापति (32), शंकर प्रजापति (28), मोहित (31), ऋषि (45) और सुल्तान सिंह (53) के रूप में हुई है। सभी आरोपी ऋषिकेश क्षेत्र के विभिन्न इलाकों के निवासी बताए गए हैं।
2 लाख 80 हजार रुपए नकद, 208 ताश के पत्ते और 11 मोबाइल फोन बरामद
पुलिस ने मौके से जुए में इस्तेमाल की जा रही 2,80,130 रूपये की नकदी और 52-52 पत्तों के चार सेट यानी कुल 208 ताश के पत्ते बरामद किए। इसके अतिरिक्त आरोपियों की जामा तलाशी में 11 मोबाइल फोन भी मिले। पुलिस ने नकदी और ताश के पत्तों को नियमानुसार कब्जे में लेकर सीलबंद कर दिया।इस मामले में कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा अपराध संख्या 542/2026 के तहत धारा 3/4 सार्वजनिक जुआ अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी, उपनिरीक्षक सुमित चौधरी (चौकी श्यामपुर), अपर उपनिरीक्षक मनोज रावत, अपर उपनिरीक्षक मनीष पंवार तथा कांस्टेबल संदीप भट्ट, अशोक कुमार, तेज सिंह और दिनेश मेहर शामिल रहे।
ऋषिकेश पुलिस की इस कार्रवाई के बाद होटल में जुआ खेलने वालों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का अभियान अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जारी है।




