

Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। गीता नगर क्षेत्र में जर्जर सड़कों और जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। पिछले दो से तीन सप्ताह से सड़क की बदहाल स्थिति के चलते लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, गड्ढों के कारण कई लोग चोटिल हो चुके हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। त्योहारों से ठीक पहले सड़क की इस स्थिति ने हादसों का खतरा बढ़ा दिया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बने गहरे गड्ढे वाहन चालकों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। आए दिन वाहन गड्ढों में फंस रहे हैं और दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक वाहन भी गड्ढे में फंसा हुआ है। लोगों का आरोप है कि सड़क की समय रहते मरम्मत नहीं होने से समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है।
सड़क खुदाई से पेयजल कनेक्शन भी क्षतिग्रस्त
सड़क की बदहाली के साथ ही खुदाई के दौरान पानी का कनेक्शन टूटने से स्थानीय लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण जलापूर्ति प्रभावित हो रही है। ऐसे में लोगों को एक ओर खराब सड़क से जूझना पड़ रहा है, तो दूसरी ओर पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व पार्षद विजय बडोनी ने उठाई मरम्मत की मांग
गीता नगर में सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर पूर्व पार्षद विजय बडोनी ने कहा की संबंधित विभाग जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराए और क्षतिग्रस्त पेयजल पाइपलाइन को दुरुस्त करे। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण लोगों को हो रही परेशानी और दुर्घटनाओं के खतरे को देखते हुए समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है।

पार्षद बोले—काम पूरा होने में लगेगा एक-दो दिन
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। वहीं, क्षेत्रीय पार्षद दिनेश रावत का कहना है कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बातचीत की है और कड़े शब्दों में सड़क की मरम्मत के लिए कहा गया है विभाग के द्वारा आश्वासन दिया गया है की काम पूरा होने में अभी एक-दो दिन का समय और लग सकता है। पार्षद के मुताबिक, उनके अपने घर के सामने भी गड्ढे बने हुए हैं और पानी भरा है।
त्योहारों से पहले समाधान की मांग
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि त्योहारों से पहले सड़क के गड्ढों को भरकर मरम्मत कराई जाए और क्षतिग्रस्त पानी की पाइपलाइन को तत्काल ठीक किया जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
अब सवाल यह है कि संबंधित विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधि गीता नगर के लोगों को इस परेशानी से कब तक राहत दिला पाएंगे?




