
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। सामाजिक सरोकारों के तहत कार्य कर रहे रोटरी ऋषिकेश क्लासिक क्लब द्वारा मनी राम रोड स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर-8 में अध्ययनरत लगभग 60 छात्र-छात्राओं को स्कूली बैग वितरित किए गए। बैग पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
कार्यक्रम के दौरान रोटरी ऋषिकेश क्लासिक क्लब के अध्यक्ष संजय सकलानी ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य होते हैं और उन्हें बेहतर शिक्षा व आवश्यक सुविधाएं मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि क्लब समय-समय पर जरूरतमंद बच्चों की सहायता के लिए आगे आता रहा है और इसी क्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं को पढ़ाई में सहयोग देने के उद्देश्य से स्कूली बैग वितरित किए गए हैं।
क्लब के सचिव विजय रावत ने कहा कि बच्चों को प्यार, प्रोत्साहन और सही मार्गदर्शन मिलना बेहद जरूरी है, ताकि वे भविष्य में आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने कहा कि बैग वितरण के दौरान बच्चों के चेहरों पर जो मुस्कान देखने को मिली, वही इस सेवा कार्य की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
रोटरी क्लासिक क्लब के कोषाध्यक्ष हिमांशु गुप्ता ने कहा कि क्लब नया होने के बावजूद सामाजिक कार्यों में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों की सहायता के लिए क्लब भविष्य में भी इसी प्रकार के प्रयास करता रहेगा, ताकि बच्चों का भविष्य बेहतर बनाया जा सके।
इस अवसर पर रोटरी क्लासिक के एक्जीक्यूटिव सचिव रो. राकेश अग्रवाल, रो. सौरव वर्मा, रो. सौरव शर्मा, विद्यालय की प्रिंसिपल वंदना गैरोला, वंदना शर्मा, लतिका तिवाड़ी सहित विद्यालय के शिक्षक एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का संचालन रोटरी क्लासिक क्लब के सदस्य डॉ. रो. राज नेगी ने किया.



