
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। नगर निगम ऋषिकेश में आयोजित बोर्ड बैठक में आज एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में वार्ड पार्षद अभिनव सिंह मलिक द्वारा किन्नरों द्वारा बधाई के नाम पर की जाने वाली मनमानी धनराशि वसूली को लेकर प्रस्ताव रखा गया, जिसे सभी पार्षदों ने समर्थन देते हुए सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी।
प्रस्ताव के अनुसार अब शहर में किसी भी शुभ अवसर जैसे विवाह, बच्चे के जन्म, गृह प्रवेश या अन्य कार्यक्रमों में किन्नर समुदाय द्वारा बधाई के बदले अधिक धनराशि की मांग नहीं की जा सकेगी। नगर निगम बोर्ड ने तय किया है कि बधाई स्वरूप अधिकतम 2100 रुपए की राशि ही दी जाएगी। इससे अधिक धनराशि की जबरन मांग या दबाव बनाए जाने की स्थिति में संबंधित लोगों द्वारा प्रशासन से शिकायत की जा सकेगी।
पार्षद अभिनव सिंह मलिक ने बैठक में कहा कि कई बार आम नागरिकों से बधाई के नाम पर अत्यधिक रकम मांगी जाती है, जिससे लोगों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि समाज में परंपराओं का सम्मान होना चाहिए, लेकिन किसी भी प्रकार की जबरदस्ती उचित नहीं है। इसी उद्देश्य से यह प्रस्ताव लाया गया।बैठक में मौजूद पार्षदों ने भी इस प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि इससे आम जनता को राहत मिलेगी और अनावश्यक विवादों पर भी रोक लगेगी। नगर निगम बोर्ड द्वारा प्रस्ताव पारित होने के बाद अब इसे प्रशासनिक स्तर पर लागू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
नगर निगम की इस पहल को लेकर शहर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। कई लोगों ने इसे जनहित में लिया गया निर्णय बताया है.
ऋषिकेश नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने बताया कि यह प्रस्ताव पार्षद अभिनव सिंह मलिक के द्वारा लाया गया था जो सम्मानित पार्षदों के द्वारा सभी के सहमति से पारित कर दिया गया है.



