Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:ऋषिकेश की कृषि उत्पादन मंडी समिति की बिल्डिंग पर लगे टावर पर एक युवक चढ़ गया है। जो अपनी मांगों को पूरी नहीं होने तक नीचे नहीं उतरते की चेतावनी देने में लगा है। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना से मंडी समिति के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। मौके पर पुलिस को बुलाकर युवक को नीचे उतारने के प्रयास किये जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक सोमवार की सुबह करीब 9 बजे हरीश पांडे नाम का युवक कृषि उत्पादन मंडी समिति के बिल्डिंग पर लगे टावर पर चढ़ गया। यह नजारा देख मंडी समिति के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सूचना देकर पुलिस को मौके पर बुलाया। इस दौरान युवक ने प्रशासन पर कई गंभीर आरोप लगाए मोबाइल पर बात करते हुए युवक ने बताया कि वह मंडी समिति परिसर में लंबे समय से काम कर रहा है, लेकिन किराया अधिक होने की वजह से वह अपने बिजनेस को आगे नहीं बढ़ा पा रहा है। मंडी परिसर में अनाधिकृत रूप से महंगे किराए लेकर उत्पीड़न हो रहे हैं। लाइसेंस बनाने के लिए 5 लाख की घूस मांगी जा रही है। मंडी के भ्रष्ट तंत्र की पोल खोलने के लिए वह टावर पर चढ़ा है।
पार्षद रामकुमार संगर ने इन आरोपों का समर्थन करते हुए मंडी अधिकारियों को आड़े हाथ लिया है। पार्षद का कहना है कि मंडी समिति में भ्रष्टाचार का बोल बाला है। गरीब लोगों की कोई सुनवाई नहीं है। शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होती है। कई सालों से अधिकारी एक ही जगह जमे हुए हैं। जिससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है।
कृषि उत्पादन मंडी समिति के सहायक शेखर ने बताया कि किस वजह से युवक टावर पर चढ़ा है इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। संभवत ऐसा लगता है कि किसी के बहकावे में आकर युवक टावर पर चढ़ा है। क्योंकि वह लगातार किसी से मोबाइल पर बात कर रहा है। अपनी मांगों के संबंध में उसने मंडी समिति को अवगत नहीं कराया है। युवक मंडी समिति परिसर रजिस्टर्ड व्यापारी नही है। ना ही वह यहां का पल्लेदार है।
हालांकि मामले की सवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस बल मौके पर मौजूद है। जो युवक को बात करके नीचे उतरने के प्रयास में जुटी हुई है।
