

Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:ऋषिकेश में लोगों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहने वाले आस्था पथ पर गंदगी के नजारे देख कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल हैरान है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आस्था पथ पर स्वच्छता अभियान चलाया लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। शहर को स्वच्छ रखने में पर्यावरण मित्रों को सहयोग देने की अपील भी की।
कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल आस्था पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मां गंगा के दर्शनों के लिए पहुंचे। इस दौरान जगह-जगह गंदगी के नजारे देख वह हैरान हो गए। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर तत्काल स्वच्छता अभियान चलाने का निर्णय लिया। कुछ ही देर में कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता अभियान चलाने की व्यवस्था बना दी। देखते ही देखते कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल कार्यकर्ताओं के साथ जगह-जगह पड़े कचरे को अपने हाथों से उठाकर एकत्रित करते हुए नजर आए। कैबिनेट मंत्री ने आने जाने वाले लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उनको कहा कि अस्थापथ हमारा है। यह शहर हमारा है। शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी भी हमारी है। इसलिए लोग जैसे घर के अंदर कचरा नहीं फेंकते उसी प्रकार शहर को स्वच्छ रखने के लिए भी शहर में कचरा नहीं किया जाना चाहिए।
मां गंगा की स्वच्छता और निर्मलता को बरकरार रखने के लिए आस्था पथ के किनारे कचरा भी नहीं होना चाहिए। उन्होंने लोगों से पर्यावरण मित्रों को समय-समय पर विशेष सहयोग देने की अपील भी की। प्रेमचंद अग्रवाल ने बताया कि स्वच्छता अभियान चलाकर उन्होंने लोगों को जागरूक करने का काम किया है।
इस अवसर पर नगर आयुक्त राहुल गोयल, सहायक नगर आयुक्त रमेश रावत, मण्डल अध्यक्ष दिनेश सती, सचिन अग्रवाल, दीपक बिष्ट, मानवेन्द्र कंडारी, पार्षद वीरेंद्र रमोला, संजीव पाल, विजेंद्र मोघा, रविन्द्र रमोला, ऋषि राजपूत, अरुण बडोनी, सरदार सतीश सिंह, अमन कुकरेती आदि उपस्थित रहे।
