
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के 78वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय छात्र दिवस के अवसर पर शनिवार को विद्या मंदिर आवास विकास में विचार गोष्ठी और मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ऋषिकेश की पूर्व मेयर अनीता ममगाई ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक दायित्व और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।
विशिष्ट अतिथि एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य उमाकांत पंत ने विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत, अनुशासन और उच्च नैतिक मूल्यों के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया। वहीं, विद्यार्थी परिषद के विभाग संयोजक आर्यन नामदेव और जिला संगठन मंत्री मनु प्रताप सिंह ने परिषद के 78 वर्षों के गौरवशाली इतिहास, राष्ट्र निर्माण में संगठन की भूमिका तथा शिक्षा क्षेत्र में किए गए योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि परिषद “ज्ञान, शील और एकता” के मूल मंत्र के साथ छात्र शक्ति को राष्ट्र शक्ति में बदलने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
सम्मान समारोह के दौरान मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किए जाने पर विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं तथा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



