





Nitya Samachar UK
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा पुलिस व्यवस्था में प्रशासनिक संतुलन कायम करने के उद्देश्य से जिले में बड़ा स्थानांतरण आदेश जारी किया है। 8 सितंबर 2026 को जारी आदेश के तहत निरीक्षक, उपनिरीक्षक और अपर उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस के कुल 53 अधिकारियों के स्थानांतरण किए गए हैं। सभी अधिकारियों को उनके नाम के सम्मुख अंकित स्थान पर तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित/नियुक्त किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार पुलिस अधिकारियों को अलग-अलग थानों, चौकियों, पुलिस लाइन और शाखाओं में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। इस फेरबदल में कई थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को भी बदला गया है।
प्रमुख थाना प्रभारियों के तबादले
आदेश के मुताबिक निरीक्षक विनोद गुसाईं को प्रभारी निरीक्षक पटेलनगर से प्रभारी निरीक्षक डालनवाला, जबकि निरीक्षक नरेश राठौर को प्रभारी निरीक्षक प्रेमनगर से प्रभारी निरीक्षक पटेलनगर भेजा गया है।
निरीक्षक नरेंद्र गहलावत को डालनवाला से मसूरी और निरीक्षक देवेंद्र चौहान को मसूरी से नेहरू कॉलोनी भेजा गया है। वहीं निरीक्षक संतोष कुंवर को शिकायत प्रकोष्ठ से प्रभारी निरीक्षक कैंट की जिम्मेदारी दी गई है। निरीक्षक प्रदीप रावत को सहसपुर से शिकायत प्रकोष्ठ में भेजा गया है।
उपनिरीक्षक स्तर पर भी व्यापक बदलाव किया गया है। मोहन सिंह को क्लेमेंटाउन से रायपुर, लोकपाल परमार को सेलाकुई से क्लेमेंटाउन, गिरीश नेगी को एसआईएस शाखा से प्रेमनगर, शैंकी कुमार को बसंत विहार से सेलाकुई तथा मनोज नौटियाल को नेहरू कॉलोनी से सहसपुर भेजा गया है।
ऋषिकेश में भी बदले कई पुलिस अधिकारी
स्थानांतरण सूची में ऋषिकेश को लेकर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। आदेश के तहत उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी को थाना प्रेमनगर से चौकी प्रभारी आईएसबीटी ऋषिकेश की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं उपनिरीक्षक शैलेन्द्र प्रसाद को चौकी प्रभारी आईएसबीटी ऋषिकेश से थाना रानीपोखरी भेजा गया है। उपनिरीक्षक जयपाल सिंह का स्थानांतरण थाना डालनवाला से थाना ऋषिकेश किया गया है। इसके अलावा उपनिरीक्षक जगमोहन पंडियार को थाना ऋषिकेश से थाना नेहरू कॉलोनी भेजा गया है।
अपर उपनिरीक्षक स्तर पर योगेंद्र कुमार को थाना रायपुर से थाना ऋषिकेश स्थानांतरित किया गया है। इस तरह ऋषिकेश क्षेत्र में भी पुलिस अधिकारियों की तैनाती में बदलाव देखने को मिला है।
चौकी प्रभारियों की भी बदली जिम्मेदारी
आदेश में कई चौकी प्रभारियों का भी स्थानांतरण किया गया है। अमित शर्मा को झाझरा चौकी से थाना बसंत विहार भेजा गया, जबकि प्रद्युम्न नेगी को थाना प्रेमनगर से चौकी प्रभारी झाझरा नियुक्त किया गया है।
प्रवीण सैनी को कुठालगेट चौकी से सब्बावाला चौकी तथा अरविंद पंवार को सब्बावाला से कुठालगेट चौकी भेजा गया है। इसी तरह आशीष कुमार को नेहरू कॉलोनी से बाजार पटेलनगर चौकी और प्रवीण पुंडीर को बाजार पटेलनगर चौकी से सहसपुर भेजा गया है।
वैभव गुप्ता का स्थानांतरण कुल्हाल चौकी से जाखन चौकी तथा सूरज कंडारी का जाखन से कुल्हाल चौकी किया गया है। पंडितवाड़ी और हर्रावाला चौकी में भी अधिकारियों की अदला-बदली की गई है।
महिला उपनिरीक्षकों का भी तबादला
सूची में महिला पुलिस अधिकारियों के स्थानांतरण भी शामिल हैं। वंदना नेगी को पुलिस लाइन से सहसपुर, संयोगिता रावत को मसूरी से एसआईएस शाखा, रजनी चमोली को एसआईएस शाखा से कोतवाली नगर, शालू धारीवाला को कोतवाली नगर से एसआईएस शाखा, अनीता बिष्ट को डालनवाला से राजपुर, रश्मि रावत को नेहरू कॉलोनी से मसूरी और पिंकी पंवार को रायपुर से रानीपोखरी भेजा गया है।
अपर उपनिरीक्षक स्तर पर भी बड़ा बदलाव
अपर उपनिरीक्षक स्तर पर संदीप कुमार को मसूरी से कालसी, विनोद चमोली को पुलिस लाइन से रायवाला, योगेंद्र कुमार को रायवाला से ऋषिकेश, सर्वेश कुमार को पटेलनगर से राजपुर, बद्रीलाल को क्लेमेंटाउन से पुलिस लाइन, अरविंद कुमार को त्यूणी से सेलाकुई और दीपेंद्र रावत को सेलाकुई से त्यूणी स्थानांतरित किया गया है।
वहीं कमलेश लता को प्रेमनगर से सहसपुर भेजा गया है।
दो पुराने स्थानांतरण आदेश भी निरस्त
जारी आदेश में दो अधिकारियों से जुड़े पुराने स्थानांतरण आदेशों को निरस्त करने का भी उल्लेख है। उपनिरीक्षक मनवर नेगी का 7 जुलाई 2026 के आदेश के तहत थाना रायवाला से प्रेमनगर किया गया स्थानांतरण निरस्त कर उन्हें थाना डोईवाला भेजा गया है।
इसी तरह महिला उपनिरीक्षक सुधा बिष्ट का 7 जुलाई 2026 के आदेश के तहत थाना सहसपुर से डोईवाला किया गया स्थानांतरण निरस्त कर उन्हें थाना कैंट भेजा गया है।
एसएसपी देहरादून के इस व्यापक फेरबदल के बाद जिले के कई थानों और चौकियों में नई तैनाती के साथ पुलिसिंग की जिम्मेदारियां बदल गई हैं। अब नए अधिकारी अपने-अपने तैनाती स्थलों पर कार्यभार संभालेंगे।







