
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश, 11 जुलाई। भानियावाला–ऋषिकेश सड़क चौड़ीकरण के नाम पर हजारों पेड़ों की प्रस्तावित कटाई के विरोध में चल रहे जन आंदोलन को समर्थन देने के लिए एडवोकेट अभिनव सिंह मलिक, पार्षद नगर निगम ऋषिकेश अपने साथियों के साथ धरना स्थल पर पहुंचे और आंदोलनकारियों का समर्थन किया।
इस दौरान उनके साथ युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष गौरव भारती, पूर्व प्रदेश सचिव ऋषभ राणा, मयंक पाल, अखिल गुलियाल, आरती, प्रिया एवं नितिन मलिक सहित अनेक युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
एडवोकेट अभिनव सिंह मलिक ने कहा कि विकास आवश्यक है, लेकिन पर्यावरण की कीमत पर नहीं। हजारों पेड़ों की कटाई आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से खिलवाड़ है। सरकार और संबंधित एजेंसियों को ऐसा समाधान निकालना चाहिए जिससे सड़क निर्माण भी हो और अधिक से अधिक पेड़ सुरक्षित रहें। यदि आवश्यकता पड़ी तो जनता के साथ मिलकर इस जन आंदोलन को और मजबूत किया जाएगा।
युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष गौरव भारती ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसके जंगल और प्राकृतिक संसाधन हैं। यदि इन्हें ही समाप्त कर दिया जाएगा तो विकास का कोई अर्थ नहीं रह जाएगा। युवा कांग्रेस इस जनहित और पर्यावरण संरक्षण के आंदोलन में पूरी मजबूती के साथ जनता के साथ खड़ी है।
पूर्व प्रदेश सचिव ऋषभ राणा ने कहा कि पेड़ केवल पर्यावरण ही नहीं बल्कि हमारी संस्कृति और जीवन का आधार हैं। सरकार को स्थानीय जनता और पर्यावरण विशेषज्ञों की राय लेकर वैकल्पिक योजना बनानी चाहिए। जनता की भावनाओं को अनदेखा कर पेड़ों की कटाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
अंत में सभी ने एक स्वर में कहा कि “विकास और पर्यावरण दोनों साथ-साथ चल सकते हैं। सरकार को ऐसा मॉडल अपनाना चाहिए जिससे सड़क निर्माण भी हो और हरित उत्तराखंड की पहचान भी सुरक्षित रहे।” आंदोलनकारियों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अपना समर्थन जारी रखने का संकल्प भी दोहराया।



