Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। ऋषिकेश पीजी कॉलेज के आसपास इन दिनों लगे ‘CJP Student Wing – Coming Soon’ के बड़े फ्लेक्स होर्डिंग चर्चा का विषय बने हुए हैं। कॉलेज के आसपास अचानक दिखाई दे रहे इन होर्डिंग को लेकर छात्र-छात्राओं और छात्र राजनीति से जुड़े लोगों में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
होर्डिंग में स्वामी विवेकानंद और शहीद भगत सिंह के चित्रों के साथ ‘युवा शक्ति, राष्ट्र शक्ति’ जैसे स्लोगन लिखे गए हैं। साथ ही CJP Student Wing और ‘Coming Soon’ का उल्लेख किया गया है। कॉलेज के आसपास लगे इन फ्लेक्स ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आगामी छात्र संघ चुनाव को लेकर क्या किसी नए छात्र संगठन की एंट्री होने जा रही है?
इन होर्डिंग के सामने आने के बाद सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि क्या सीजेपी छात्र विंग के जरिए ऋषिकेश पीजी कॉलेज के छात्र संघ चुनाव में उतरने की तैयारी की जा रही है? हालांकि, अभी तक संगठन की ओर से छात्र संघ चुनाव में भागीदारी को लेकर कोई स्पष्ट आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है।

फिलहाल यह साफ नहीं है कि CJP Student Wing का आगामी छात्र संघ चुनाव से सीधा संबंध है या नहीं, लेकिन कॉलेज परिसर के आसपास लगे इन होर्डिंग ने छात्र राजनीति का माहौल जरूर गर्म कर दिया है। आने वाले दिनों में संगठन की ओर से यदि प्रत्याशियों या चुनावी रणनीति को लेकर कोई घोषणा होती है, तो ऋषिकेश पीजी कॉलेज का छात्र संघ चुनाव और भी दिलचस्प हो सकता है।
अब नजर इस बात पर है कि ‘Coming Soon’ के पीछे आखिर क्या बड़ा ऐलान छिपा है और क्या सीजेपी छात्र विंग वास्तव में छात्र संघ चुनाव के मैदान में उतरने जा रहा है?


