

Nitya Samachar UK
देहरादून। उत्तराखंड में वर्षों से वन भूमि पर बसे परिवारों के लिए जमीन के मालिकाना हक को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं। प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में बापूग्राम, बिंदुखत्ता समेत अन्य क्षेत्रों में वन भूमि पर बसे लोगों के हित में महत्वपूर्ण प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।
कैबिनेट ने इन क्षेत्रों को वन भूमि से डीरिजर्व (वन भूमि की श्रेणी से बाहर) करने संबंधी प्रस्ताव भारत सरकार को भेजने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस फैसले के बाद अब केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।इसके अलावा, इन क्षेत्रों में लंबे समय से रह रहे लोगों की जमीनों को नियमित करने के लिए नीति तैयार करने के उद्देश्य से उप मंत्रिमंडलीय समिति के गठन को भी मंजूरी दी गई है। समिति इस पूरे मामले के विभिन्न पहलुओं पर विचार कर नीति का खाका तैयार करेगी।
गौरतलब है कि ऋषिकेश के बापूग्राम और नैनीताल जिले के बिंदुखत्ता सहित अन्य क्षेत्रों में बड़ी संख्या में परिवार कई दशकों से निवास कर रहे हैं। बावजूद इसके, जमीन का मालिकाना हक नहीं मिलने के कारण उन्हें विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ता है। जमीन से जुड़े दस्तावेज, निर्माण और भविष्य की कानूनी स्थिति को लेकर भी परिवारों में असमंजस बना रहता है।
कैबिनेट के इस फैसले से इन परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। हालांकि, अभी मालिकाना हक मिलने की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। इसके लिए केंद्र सरकार की मंजूरी और प्रस्तावित नीति के तहत आगे की कानूनी एवं प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होना जरूरी होगा।
अब हजारों परिवारों की निगाहें केंद्र सरकार की मंजूरी और राज्य सरकार की ओर से तैयार की जाने वाली नीति पर टिकी हैं।












