

Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:गढ़ महिला उत्थान समिति, ऋषिकेश द्वारा आगामी 15 नवंबर 2026 को ऋषिकेश में भव्य ‘ऋषिकेश कीर्तन गौरव-2026’ प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा । प्रतियोगिता के माध्यम से धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पारंपरिक विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ मातृशक्ति की प्रतिभा को एक सशक्त मंच प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस भव्य आयोजन में विधानसभा क्षेत्र की 50 से अधिक कीर्तन मंडलियों ने प्रतियोगिता के लिये पंजीकरण किया है। प्रतियोगिता की विशेषता यह है कि इसमें सभी मातृशक्ति अपनी पारंपरिक वेशभूषा एवं पारंपरिक भाषा में कीर्तन प्रस्तुत कर रही हैं। उनके द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले भजन, कीर्तन एवं पारंपरिक लोकधुनों में उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, धार्मिक आस्था और लोक परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी।
समिति उपाध्यक्ष संगीता राणा व समिति सचिव कृष्णा रमोला ने कहा कि समिति का उद्देश्य केवल एक प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों, लोकभाषा, पारंपरिक पहनावे और धार्मिक परंपराओं से जोड़ना भी है। वर्तमान समय में आधुनिकता के बढ़ते प्रभाव के बीच हमारी पारंपरिक संस्कृति और लोक परंपराओं को जीवंत बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं व गढ़ महिला उत्थान समिति का मानना है कि मातृशक्ति हमारी संस्कृति और संस्कारों की सबसे मजबूत वाहक है। घर-परिवार से लेकर समाज तक धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को संजोने में महिलाओं की भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रही है। कीर्तन मंडलियों के माध्यम से महिलाएं न केवल अपनी धार्मिक आस्था व्यक्त करती हैं, बल्कि आपसी एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना का भी संदेश देती हैं।
*समिति सांस्कृतिक सचिव शशि रावत व प्रशिक्षण सचिव ईशा चौहान* ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन 15 नवंबर 2026 (रविवार) को अनिल फार्म, हरिद्वार रोड, खैरी खुर्द में किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाली सभी कीर्तन मंडलियों को प्रातः 9 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना अनिवार्य होगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रातः 10 बजे किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता तीन चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण में सभी कीर्तन मंडलियों को पांच समूहों में विभाजित किया जाएगा। प्रत्येक मंडली को अपनी पसंद के भजन की प्रस्तुति के लिए तीन-तीन मिनट का समय दिया जाएगा। निर्णायक मंडल द्वारा वेशभूषा, गायन, सुर-ताल एवं अनुशासन के आधार पर अंक प्रदान किए जाएंगे। समय पर पहुंचने वाली मंडलियों को विशेष अंक भी दिए जाएंगे। प्रथम चरण के बाद 20 श्रेष्ठ मंडलियों का चयन किया जाएगा।
द्वितीय चरण में चयनित 20 मंडलियों को प्रादेशिक भाषा में भजन प्रस्तुत करना होगा। इसके लिए भी प्रत्येक मंडली को तीन तीन मिनट का समय निर्धारित किया गया है। इस चरण में बेहतर प्रदर्शन करने वाली पांच मंडलियां अंतिम चरण में प्रवेश करेंगी।
अंतिम चरण में चयनित पांचों मंडलियों को निर्णायक मंडल द्वारा भजन के विषय (टॉपिक) दिए जाएंगे। प्रत्येक मंडली को दिए गए विषय पर पांच मिनट की प्रस्तुति देनी होगी, जिसमें प्रथम द्वितीय और तृतीय व दो सांत्वना विजेता घोषित किए जाएंगे ।
प्रतियोगिता का अंतिम निर्णय निर्णायक मंडल द्वारा लिया जाएगा। प्रतियोगिता के समापन पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के साथ दो सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त सभी प्रतिभागी मंडलियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के संचालक अलका क्षेत्री व कोषाध्यक्ष उमा ओबरॉय ने सभी प्रतिभागी मंडलियाँ से पूरी तैयारी, उत्साह एवं भक्तिभाव के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का आग्रह किया साथ ही कार्यक्रम के आरंभ से समापन तक अनुशासन बनाए रखने की अपील की ।
उन्होंने कहा कि ऋषिकेश कीर्तन गौरव–2026 का उद्देश्य भक्ति संगीत, क्षेत्रीय संस्कृति एवं महिला प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना है। समिति को उम्मीद है कि यह आयोजन भक्ति और सांस्कृतिक एकता का यादगार उत्सव बनेगा।












