

Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। ऋषिकेश में गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड का शटर तोड़कर लाखों रुपये के मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। कोतवाली ऋषिकेश पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने चोरी की वारदात में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 30 मोबाइल फोन, तीन एचपी लैपटॉप और एक एप्पल आईपैड बरामद किया है। इसके अलावा चोरी की घटना में इस्तेमाल की गई दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें भी पुलिस ने कब्जे में ली हैं। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, बीती 6 नवंबर की रात करीब दो से चार बजे के बीच ऋषिकेश-हरिद्वार रोड स्थित गीतानगर गली नंबर-10 के बाहर अश्वनी गुप्ता की गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड दुकान का शटर तोड़कर चोरों ने विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन, एचपी लैपटॉप और डेमो फोन चोरी कर लिए थे। दुकान स्वामी की शिकायत पर कोतवाली ऋषिकेश में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्धों का पुराने अपराधियों के रिकॉर्ड से मिलान किया गया। लगातार सुरागरसी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के बाद पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर को आईडीपीएल गोलचक्कर के पास संदिग्धों और चोरी के सामान की तलाश में चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मोबाइल शोरूम में चोरी करने वाले चार आरोपी दो काली स्प्लेंडर मोटरसाइकिलों से नटराज चौक होते हुए बाईपास रोड के रास्ते श्यामपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मनसा देवी फाटक से आगे बाईपास रोड पर घेराबंदी कर दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार चारों युवकों को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी संदीप के साथ मिलकर मोबाइल दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए सामान को आपस में बांट लिया गया था और उसका अधिकांश हिस्सा जंगल में छिपाकर रखा गया था। वे चोरी के सामान को बेचने के लिए हरिद्वार की ओर जा रहे थे।
पुलिस ने आरोपी योगेंद्र उर्फ दीपक के पास मौजूद काले रंग के बैग से तीन एचपी लैपटॉप, एक एप्पल आईपैड और 24 मोबाइल फोन बरामद किए। अन्य आरोपियों से भी मोबाइल फोन बरामद हुए। कुल मिलाकर पुलिस ने 30 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप और एक आईपैड बरामद किया है। इनमें से 22 मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबर, दो लैपटॉप और आईपैड का चोरी की घटना से मिलान हुआ है। पुलिस ने चोरी के सामान के साथ दो मोटरसाइकिलें भी कब्जे में ली हैं।
इंस्पेक्टर यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया…
कोतवाली ऋषिकेश के निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट के अनुसार, मोबाइल शोरूम में हुई चोरी की घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद ली। घटनास्थल के आसपास लगे करीब 40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया गया, जिसके आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में सफलता मिली। इसके बाद घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से चोरी के मोबाइल फोन, लैपटॉप और आईपैड बरामद किए गए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी संदीप की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
नितिन दास (19 वर्ष), निवासी मुर्गी फार्म, रायवाला।
अभिषेक थापा (20 वर्ष), निवासी प्रतीत नगर, रायवाला।
योगेंद्र उर्फ दीपक (26 वर्ष), निवासी अहबाबनगर, कड़च्छ, ज्वालापुर, हरिद्वार।
रोहन (20 वर्ष), निवासी अमर ज्योति स्कूल के पास, लालतप्पड़, डोईवाला।
दो आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अभिषेक थापा के खिलाफ रायवाला थाने में चोरी और अन्य संबंधित धाराओं में चार मुकदमे दर्ज हैं। वहीं आरोपी रोहन के खिलाफ ऋषिकेश और रायवाला थानों में चोरी से संबंधित पांच मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अन्य राज्यों में भी आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) और 3(5) की बढ़ोतरी की है। वहीं मोटरसाइकिलों के आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई है।
इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, एसओजी प्रभारी निरीक्षक खुशीराम पांडेय, एसएसआई नवीन जोशी सहित कोतवाली और एसओजी की टीम शामिल रही।












