

Nitya Samachar UK
देहरादून। थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में युवक का अपहरण कर उसके साथ मारपीट करने के मामले में दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में नामजद यू-ट्यूबर अनुराग डोभाल समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चारों आरोपियों को पुलिस ने सुद्धोवाला, प्रेमनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, 6 अक्टूबर 2026 को राज सिंह चौहान निवासी टी स्टेट बंजारावाला, थाना पटेल नगर ने थाना नेहरू कॉलोनी में लिखित तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि 5 अक्टूबर की रात अनुराग डोभाल और उसके साथियों ने उसे हरिद्वार बाईपास रोड पर मिलने के लिए बुलाया था। वहां पहुंचने के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर उसे जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया और उसके साथ मारपीट की। मारपीट में युवक को गंभीर चोटें आईं।शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इस दौरान अनुराग डोभाल और उसके साथियों द्वारा उसे जान से मारने के इरादे से अपहरण कर ले जाने का प्रयास भी किया गया।
तहरीर के आधार पर थाना नेहरू कॉलोनी में धारा 117(2), 191(2) और 351(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस को मिले साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 140(1) (अपहरण) और 3(5) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस की टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई करते हुए 8 अक्टूबर को सुद्धोवाला, प्रेमनगर क्षेत्र से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
अनुराग डोभाल, पुत्र जगदंबा डोभाल, निवासी मोना शेट्टी होम, ओ-टावर, फ्लैट नंबर 201, खरड़, चंडीगढ़, उम्र 29 वर्ष।
अभिषेक, पुत्र सतीश कुमार, निवासी घाट खेड़ा, थाना रामपुर मनिहारन, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश, उम्र 22 वर्ष।
अभय चौधरी, पुत्र संजीव कुमार, निवासी बहादारपुर जट, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार, उम्र 23 वर्ष।
कुर्बान, पुत्र शराफत, निवासी गढ़ी बेसक, थाना सनोली, जिला पानीपत, हरियाणा, उम्र 23 वर्ष।
पुलिस के अनुसार मामले में विवेचना जारी है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों एवं साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।




