





Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। ऋषिकेश में कथित तौर पर संगठित अपराधों में लिप्त गिरोह के खिलाफ दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने खुद को ‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ कहने वाले गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा सहित गिरोह के तीन सदस्यों को गैंगस्टर एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार गैंग लीडर के घर से ‘KING OF उत्तराखण्ड’ लिखा बोर्ड भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद में आपराधिक गतिविधियों और विशेष रूप से संगठित अपराधों में शामिल लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ गुंडा एवं गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में ऋषिकेश पुलिस ने जगजीत उर्फ जग्गा और उसके साथियों के खिलाफ कार्रवाई की।
भूमि और पारिवारिक विवादों में हस्तक्षेप का आरोप
पुलिस के अनुसार जगजीत उर्फ जग्गा अपने साथियों के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह संचालित करता था। गिरोह पर आरोप है कि वह भूमि और पारिवारिक विवादों में जबरन हस्तक्षेप करता था और पक्षकारों को डराने-धमकाने के साथ कथित तौर पर मारपीट, अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग जैसी गतिविधियों को अंजाम देता था।
पुलिस का दावा है कि विवादों को जबरन सुलझाने के नाम पर लोगों पर दबाव बनाया जाता था। इसके अलावा लोगों की फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कथित रूप से ब्लैकमेलिंग और वसूली की जाती थी। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य लोगों के घरों में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने जैसी गतिविधियों में भी शामिल रहे हैं।
भय का माहौल बनाने का पुलिस का दावा
पुलिस के अनुसार गिरोह ने क्षेत्र में अपने प्रभाव और भय का ऐसा माहौल बनाया हुआ था कि कई लोग इनके खिलाफ शिकायत या कानूनी कार्रवाई करने से भी डरते थे। वर्ष 2016 से 2026 के बीच गिरोह के सदस्यों के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामलों के करीब 11 मुकदमे दर्ज होने की बात पुलिस ने कही है।
लगातार आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहने और आम लोगों में भय एवं असुरक्षा की भावना पैदा होने के दृष्टिगत पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी। सक्षम न्यायालय से अनुमोदन मिलने के बाद कोतवाली ऋषिकेश में मु0अ0सं0 405/2026, धारा 2(ख)(i), 2(ख)(iii)/3 गिरोहबन्द एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
गैंग लीडर समेत तीन गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा के अलावा उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में—
जगजीत उर्फ जग्गा, उम्र 39 वर्ष, निवासी मायाकुण्ड, चन्द्रेश्वर मार्ग, ऋषिकेश — गैंग लीडर
प्रणव उर्फ राघव बत्रा, उम्र 20 वर्ष, निवासी सोमेश्वर नगर, ऋषिकेश — गैंग सदस्य
दीपेश कुमार, उम्र 27 वर्ष, निवासी कृष्णानगर कॉलोनी, आईडीपीएल के पास, ऋषिकेश — गैंग सदस्य
वहीं मामले में नामजद रवि गुप्ता, निवासी शिवाजी नगर, ऋषिकेश को पुलिस ने वांछित बताया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
घर से मिला ‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ का बोर्ड
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा की निशानदेही पर उसके घर से ‘KING OF उत्तराखण्ड’ लिखा एक बोर्ड बरामद किया गया। पुलिस का दावा है कि इस बोर्ड का इस्तेमाल वह लोगों के बीच अपना प्रभाव और भय कायम करने के लिए करता था।
गैंग लीडर के खिलाफ दर्ज हैं 11 मुकदमे
पुलिस द्वारा जारी आपराधिक इतिहास के अनुसार जगजीत उर्फ जग्गा और उसके गिरोह से जुड़े मामलों में वर्ष 2016 से 2026 तक कुल 11 अभियोग दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी, घर में घुसकर विवाद करने, आबकारी अधिनियम, आईटी एक्ट, पॉक्सो एक्ट, एससी/एसटी एक्ट समेत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामले शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार हाल के वर्षों में भी गिरोह से जुड़े लोगों के खिलाफ लगातार मुकदमे दर्ज होते रहे हैं। इसी आपराधिक गतिविधि को देखते हुए पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
पूरी कार्रवाई में कोतवाली ऋषिकेश और कोतवाली डोईवाला की पुलिस टीम शामिल रही। टीम में निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, निरीक्षक राकेश गुसाईं, व0उ0नि0 नवीन जोशी, उपनिरीक्षक देवेन्द्र पंवार, जगमोहन सिंह, विकसित पंवार, बिनेश कुमार, राजनारायण सहित हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद ऋषिकेश क्षेत्र में संगठित अपराध और दबंगई के खिलाफ सख्त संदेश देने की बात कही जा रही है। फिलहाल पुलिस वांछित आरोपी रवि गुप्ता की गिरफ्तारी के प्रयासों में जुटी है और गिरफ्तार आरोपियों से जुड़े अन्य आपराधिक मामलों की भी पड़ताल की जा रही है।







