
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश के आईडीपीएल चौकी क्षेत्र अंतर्गत विस्थापित कॉलोनी गली नंबर-3 में रविवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक बेटे ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी ही मां पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि बेटे ने अपनी मां पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, विस्थापित कॉलोनी निवासी उषा देवी और उनके बेटे सुमित गौड़ के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में सुमित ने अपनी मां पर गोली चला दी। गोली लगते ही उषा देवी खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ीं। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का भयावह दृश्य देखकर सन्न रह गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के तुरंत बाद सुमित गौड़ अपनी घायल मां को इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश लेकर पहुंचा। इसी दौरान किसी स्थानीय व्यक्ति ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही आईडीपीएल चौकी प्रभारी विवेक राठी पुलिस टीम के साथ पहले घटनास्थल पर पहुंचे, जहां काफी मात्रा में खून फैला हुआ मिला। इसके बाद पुलिस टीम एम्स पहुंची और घायल महिला की स्थिति की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है।
चौकी प्रभारी विवेक राठी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विवाद किस बात को लेकर हुआ था। महिला के शरीर के किस हिस्से में गोली लगी है, इसकी भी पुष्टि चिकित्सकीय रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। साथ ही जिस हथियार से गोली चलाई गई, वह लाइसेंसी था या अवैध, इसकी भी जांच की जा रही है।
प्रथम दृष्टया पुलिस को जानकारी मिली है कि आरोपी बेटा नशे का आदी है और आशंका है कि उसने नशे की हालत में इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
फिलहाल घायल उषा देवी का एम्स ऋषिकेश में उपचार जारी है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपी से पूछताछ और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल में जुटी हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच दहशत का माहौल है।



