
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:योग नगरी ऋषिकेश अब केवल अध्यात्म, योग और पर्यटन के लिए ही नहीं बल्कि डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए भी लोगों की पहली पसंद बनता जा रहा है। देश के अलग-अलग राज्यों से लोग यहां की प्राकृतिक सुंदरता, गंगा तट और पहाड़ों की शांत वादियों के बीच अपने जीवन के सबसे खास पल को यादगार बनाने पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश की डॉ रंजना और उड़ीसा के डॉ सिलॉय मोहंती ने ऋषिकेश की मनमोहक वादियों में विवाह बंधन में बंधकर अपने नए जीवन की शुरुआत की।
यह भव्य विवाह समारोह गंगा तट के समीप चीला डैम और राजाजी टाइगर रिजर्व के खूबसूरत प्राकृतिक वातावरण में संपन्न हुआ। चारों ओर हरियाली, पहाड़ों की मनोरम छटा और गंगा किनारे की पवित्रता ने विवाह समारोह को और भी खास बना दिया। विवाह में शामिल मेहमानों ने भी ऋषिकेश की सुंदरता और शांत वातावरण की जमकर सराहना की।
परिजनों ने बताया कि उन्होंने कई स्थानों पर विवाह आयोजन को लेकर विचार किया था, लेकिन ऋषिकेश की प्राकृतिक सुंदरता और यहां का आध्यात्मिक माहौल उन्हें सबसे अधिक पसंद आया। उन्होंने कहा कि “यहां आकर हमें बहुत अच्छा लगा। गंगा किनारे और सुंदर वादियों के बीच विवाह संपन्न होना हमारे लिए बेहद यादगार अनुभव है। यहां का वातावरण मन को शांति देने वाला है और मेहमान भी इस आयोजन से बेहद खुश हैं।”
विवाह समारोह में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। मेहमानों ने उत्तराखंड की संस्कृति और स्थानीय व्यंजनों का आनंद लिया। आयोजन से जुड़े लोगों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में ऋषिकेश में डेस्टिनेशन वेडिंग का ट्रेंड तेजी से बढ़ा है। यहां देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी लोग विवाह समारोह आयोजित करने पहुंच रहे हैं।आपको बता दें की डॉ रंजना दिल्ली एम्स में डॉक्टर हैं वहीं डॉ सिलोय मोहंती ऋषिकेश एम्स में जनसम्पर्क अधिकारी के पद पर तैनात हैं.
पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों के अनुसार डेस्टिनेशन वेडिंग से स्थानीय होटल व्यवसाय, टूरिज्म और रोजगार को भी बड़ा लाभ मिल रहा है। ऋषिकेश की प्राकृतिक सुंदरता, गंगा घाट, जंगल सफारी और शांत वातावरण इसे शादी समारोहों के लिए एक आकर्षक स्थान बना रहे हैं।



