
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश: वीरभद्र क्षेत्र स्थित कृष्णा नगर कॉलोनी में देर रात आई तेज आंधी एक परिवार के लिए बड़ी मुसीबत बन गई। रात लगभग साढ़े 12 बजे तेज हवाओं के चलते एक विशाल पेड़ टूटकर सीधे एक मकान के ऊपर जा गिरा। हादसे में मकान की छत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और घर में रखा सामान भी टूट-फूट गया। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित रहे और कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था, इसलिए हादसे में लाखों का नुक्सान होना बताया जा रहा है।
कृष्णा नगर निवासी मोहन सिंह अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान तेज आंधी के बीच अचानक जोरदार आवाज के साथ पेड़ मकान पर गिर पड़ा। आवाज सुनकर परिवार के लोग घबराकर बाहर निकले। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर परिवार की मदद की।
भवन स्वामी मोहन सिंह ने बताया कि उनके परिवार में उनकी पत्नी, बुजुर्ग मां और तीन बच्चे हैं। पेड़ गिरने से मकान की छत पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है और घर के अंदर रहना बेहद खतरनाक हो गया है। उन्होंने बताया कि हादसे के तुरंत बाद उन्होंने 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा भी लिया, लेकिन कई घंटे बीत जाने के बावजूद अभी तक पेड़ को घर के ऊपर से नहीं हटाया गया है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद से अब तक किसी भी विभाग की ओर से राहत नहीं पहुंचाई गई है। परिवार पूरी रात और दिन घर के बाहर रहने को मजबूर है। बारिश और दोबारा पेड़ गिरने के खतरे के कारण घर के अंदर जाना संभव नहीं हो पा रहा है। मोहन सिंह ने बताया कि उन्होंने वन विभाग से भी संपर्क किया, लेकिन वहां से भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।
भवन स्वामी का कहना है कि यदि समय रहते पेड़ को नहीं हटाया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।उन्होंने प्रशासन और वन विभाग से तत्काल कार्रवाई करते हुए पेड़ हटाने, परिवार को राहत पहुंचाने और हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है। वहीं क्षेत्र में पुराने और जर्जर पेड़ों की जांच कराने की मांग भी उठने लगी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।




