

Nitya Samachar UK
ऋषिकेश 6अक्टूबर 2026। वीरपुर खुर्द स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में मंगलवार को आंगन मिलन सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, माताओं एवं लाभार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। अभियान का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्र के माध्यम से संचालित बाल विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लाभार्थियों तक पहुंचाना तथा बच्चों के पोषण और विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में मंडल मंत्री वीरपुर खुर्द मनोरमा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि क्षेत्रीय पार्षद लव कंबोज ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। इसके अलावा सदस्य एवं उपाध्यक्ष मुन्नी देवी तथा हेमलता सहित आंगनवाड़ी केंद्र से जुड़े लाभार्थी मौजूद रहे।
अभियान के तहत आंगनवाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका द्वारा स्वयं तैयार किए गए बाल भोग लड्डू सभी उपस्थित लाभार्थियों को वितरित किए गए। वहीं मनोरमा ने बच्चों को केले वितरित किए। क्षेत्रीय पार्षद लव कंबोज की ओर से बच्चों एवं माताओं को फ्रूटी और मिठाई का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों ने बाल विकास विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया और मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही लाभार्थियों ने अब तक उन्हें प्राप्त योजनाओं के लाभ की जानकारी भी साझा की।
इस अवसर पर आंगनवाड़ी केंद्र की कार्यकत्री सन्तोषी नेगी और सहायिका उषा रावत ने कार्यक्रम के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बच्चों एवं माताओं को पोषण, स्वास्थ्य और बाल विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों के पोषण, मातृ स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।




