

Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। टिहरी गढ़वाल मोटर ऑनर्स कॉरपोरेशन प्राइवेट लिमिटेड (TGMOU) के नवनिर्वाचित संचालक मंडल की प्रथम बैठक कंपनी कार्यालय, 13 चंद्रेश्वर रोड, ऋषिकेश में आयोजित हुई। बैठक में संचालक मंडल ने सर्वसम्मति से बलबीर सिंह रौतेला को निर्विरोध अध्यक्ष, भानु प्रकाश रागड़ को निर्विरोध उपाध्यक्ष तथा धर्मपाल तोपवाल को निर्विरोध वित्त पद पर निर्वाचित किया।
बैठक के दौरान नवनिर्वाचित संचालकों को उनके पद एवं दायित्वों की शपथ दिलाई गई। जितेंद्र सिंह नेगी, गजपाल सिंह रावत, यशपाल सिंह राणा, प्यार सिंह गुनसोला, प्रेम पाल सिंह बिष्ट, कुंवर सिंह नेगी, उत्तम सिंह नेगी एवं गिरवीर सिंह रावत और रमेश पुंडीर ने संचालक पद की शपथ ली।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं संचालक मंडल का कंपनी कर्मचारियों तथा पदाधिकारियों ने माल्यार्पण कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष बलबीर सिंह रौतेला ने पूर्व बोर्ड एवं पूर्व अध्यक्ष के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि पूर्व बोर्ड ने संस्था और वाहन स्वामियों के हित में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व बोर्ड द्वारा स्थापित सकारात्मक परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए नए बोर्ड की प्राथमिकता वाहन स्वामियों के हितों की रक्षा, संस्था को मजबूत करना और कंपनी को निरंतर प्रगति की ओर ले जाना होगी।
रौतेला ने कहा कि सभी संचालक आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से कंपनी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा और वाहन स्वामियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।




