

Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। इंदिरा नगर और नेहरूग्राम क्षेत्र में सीवर योजना के तहत चल रहे सड़क एवं सीवर निर्माण कार्य को लेकर क्षेत्रवासियों में नाराजगी देखने को मिली। पूर्व पार्षद जगत सिंह नेगी के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और आम जनता को हो रही परेशानियों को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को मौके पर बुलाकर निर्माण कार्य की स्थिति का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उत्तराखंड पेयजल निगम के एई दीपक वत्स, जेई तथा कंस्ट्रक्शन कंपनी तिरुपति के प्रोजेक्ट मैनेजर युवराज सहित अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।अधिकारियों ने मौके पर चल रहे सड़क एवं सीवर कार्य की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण के दौरान आम जनता को हो रही परेशानियों का जल्द से जल्द समाधान करने को कहा गया।
पूर्व पार्षद जगत सिंह नेगी ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता के पैसों से होने वाले कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप होने चाहिए। क्षेत्रवासियों ने भी मांग की कि कार्य के दौरान सड़क की स्थिति और आवागमन की समस्या को ध्यान में रखते हुए काम को व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जाए।




