Nitya Samachar UK
ऋषिकेश, 2 अक्टूबर। स्वामी दयानंद सरस्वती विद्यालय, ऋषिकेश में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने विशेष प्रार्थना सभा में महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति जैसे आदर्शों को अपने भाषणों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
विद्यार्थियों ने हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा में प्रभावशाली भाषण देकर दोनों महान विभूतियों के जीवन और उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान पर प्रकाश डाला। इस दौरान प्रस्तुत मधुर देशभक्ति गीत और भावपूर्ण कविताओं ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को भावविभोर कर दिया। प्राथमिक कक्षाओं के नन्हे विद्यार्थियों ने सामूहिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का माहौल बना दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन आज भी समाज और देश के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विद्यार्थियों से दोनों महापुरुषों के जीवन-मूल्यों को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर उन्हें अपने दैनिक व्यवहार और जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सत्य, अहिंसा, अनुशासन, स्वच्छता, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के महत्व से भी अवगत कराया गया। शिक्षकों ने कहा कि राष्ट्र के निर्माण में नई पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका है और विद्यार्थियों को अपने आचरण के माध्यम से देश के प्रति जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने राष्ट्रगान में भाग लिया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।
