Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने मेडिकल स्टोर की दुकानों पर कब्जा करने की कोशिश, तोड़फोड़, जान से मारने की धमकी, रंगदारी मांगने और आग लगाने के प्रयास के आरोप में सात नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
एफआईआर के अनुसार, शिकायतकर्ता प्रदीप सेमवाल, प्रोपराइटर आपका साईं मेडिकोज, आवास विकास, वीरभद्र रोड, ऋषिकेश ने बताया कि उन्होंने 1 मार्च 2023 को दो दुकानों को पांच वर्षों के लिए किराये पर लिया था। इसके लिए छह लाख रुपये सुरक्षा धनराशि जमा कराई गई थी और प्रतिमाह 40 हजार रुपये किराया तय हुआ था। समझौते के अनुसार अनुबंध 28 फरवरी 2028 तक प्रभावी है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दुकान मालिक मुकेश राणाकोटी ने अप्रैल 2026 में बिना जानकारी दिए और बिना किरायेदारी समाप्त किए दोनों दुकानों का विक्रय पत्र राजन रमोला के नाम कर दिया। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह कार्रवाई अनुबंध के विपरीत है।
एफआईआर के अनुसार, 9 मई 2026 को आरोपियों ने दुकान का ताला तोड़कर कब्जा करने का प्रयास किया था, जिसकी सूचना 112 पर दी गई। इसके बाद 6 जून 2026 को भी दुकान के शटर में तोड़फोड़ की गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की गई थी।
शिकायत में आगे आरोप है कि 29 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9:45 बजे राजन रमोला, हेमंत रावत, अभिषेक ग्रोवर,अक्षित,दीक्षित तथा अन्य लोग लोहे की रॉड और डीजल का कैन लेकर दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने दुकान में रखी दवाइयों और अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया, गाली-गलौज की, जान से मारने की नीयत से डीजल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया तथा दुकान खाली नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
एफआईआर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने शिकायतकर्ता से 10 लाख रुपये की मांग करते हुए धमकी दी कि रुपये नहीं देने पर दुकान और उसमें रखा सामान जला दिया जाएगा तथा जान से मार दिया जाएगा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीन आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि अन्य फरार हो गए।
पुलिस ने इस मामले में मुकेश राणाकोटी, राजन रमोला, हेमंत रावत, अभिषेक ग्रोवर,अक्षित,दीक्षित और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न गंभीर धाराओं 191(2), 3(5), 316, 318(4), 324(4), 333 और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह पंवार को सौंपी गई है।

