
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के पावन अवसर पर ऋषिकेश में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विद्या भारती एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के संयुक्त तत्वावधान में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए फलदार एवं छायादार पौधों का विधिवत पूजन कर पौधरोपण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक नरेश, सह विभाग कार्यवाह नरेश, विद्या भारती के जिला अध्यक्ष डॉ. हेतराम ममगाई तथा निवर्तमान मेयर अनिता ममगाई ने संयुक्त रूप से पौधरोपण कर किया.
इस दौरान “एक पेड़ माँ के नाम” तथा “पर्यावरण है तो जीवन है” के संकल्प के साथ नीम, पीपल, बरगद, आम, जामुन सहित विभिन्न फलदार एवं छायादार प्रजातियों के पौधे लगाए गए। उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनिता ममगाई ने कहा कि हरेला पर्व उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति का प्रतीक है, जो हमें प्रकृति के प्रति प्रेम और संरक्षण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरित भारत के संकल्प को हरेला जैसे लोकपर्व और अधिक सशक्त बनाने का कार्य कर रहे हैं।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक नरेश ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का कार्य नहीं, बल्कि राष्ट्रधर्म भी है। प्रत्येक स्वयंसेवक प्रकृति को मातृस्वरूप मानकर उसकी सेवा करने का प्रयास करता है।
सह विभाग कार्यवाह नरेश ने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति से वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
विद्या भारती के जिला अध्यक्ष डॉ. हेतराम ममगाई ने कहा कि विद्या भारती के विद्यालयों में हरेला पर्व के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का संस्कार दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का संकल्प लिया।



