
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। ग्राम पंचायत सिराई में वर्ष 2026 के पंचायत चुनाव के तहत उप प्रधान पद के लिए हुए चुनाव में सरोजनी बुटोला को निर्विरोध उप प्रधान चुन लिया गया। चुनाव प्रक्रिया पशुलोक विस्थापित निर्मल ब्लॉक-बी स्थित बारातघर में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में आयोजित चुनाव में ग्राम पंचायत सिराई के सभी 13 निर्वाचित वार्ड सदस्यों ने एकमत होकर सरोजनी बुटोला के नाम पर अपनी सहमति जताई। किसी अन्य सदस्य द्वारा नामांकन दाखिल नहीं किए जाने के कारण उन्हें निर्विरोध उप प्रधान घोषित किया गया। इसके साथ ही ग्राम पंचायत में सर्वसम्मति और आपसी सहयोग का संदेश भी देखने को मिला।
नवनिर्वाचित उप प्रधान सरोजनी बुटोला ने सभी वार्ड सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है, उस पर वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने ग्राम पंचायत के समग्र विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और सभी वार्डों के संतुलित विकास को अपनी प्राथमिकता बताया।
चुनाव के बाद ग्राम पंचायत परिसर में खुशी का माहौल रहा। वार्ड सदस्यों और ग्रामीणों ने सरोजनी बुटोला को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। सभी ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में ग्राम पंचायत सिराई विकास के नए आयाम स्थापित करेगी और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
निर्विरोध निर्वाचन को ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत की एकता और आपसी सामंजस्य का प्रतीक बताते हुए कहा कि सर्वसम्मति से लिया गया यह निर्णय पंचायत के विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



