
Nitya Samachar UK
देहरादून, 1 जुलाई। देहरादून पुलिस परिवार के लिए बुधवार का दिन गौरव और सम्मान का अवसर बन गया, जब जनपद में तैनात निरीक्षक राजेश साह और निरीक्षक प्रदीप पंत के निरीक्षक से पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद पर पदोन्नत होने के उपलक्ष्य में पुलिस कार्यालय में भव्य पिपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया।
समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने दोनों पदोन्नत अधिकारियों के कंधों पर पुलिस उपाधीक्षक पद के अलंकरण (बैज) लगाकर उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए औपचारिक रूप से सम्मानित किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच दोनों अधिकारियों का स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने कहा कि पदोन्नति केवल पद में वृद्धि नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों का विस्तार भी है। उन्होंने दोनों अधिकारियों के अब तक के उत्कृष्ट कार्यों, अनुशासन, मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि वे भविष्य में भी पूरी ईमानदारी, समर्पण और दक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा पुलिस विभाग की गरिमा को और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
एसएसपी ने दोनों अधिकारियों को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना पुलिस अधिकारियों का सर्वोच्च दायित्व है। उन्होंने उन्हें निष्पक्षता, संवेदनशीलता और सेवा भाव के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
पिपिंग सेरेमनी के दौरान देहरादून जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने नवपदोन्नत पुलिस उपाधीक्षकों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
यह समारोह पुलिस विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों के सम्मान और उनकी उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने का प्रतीक रहा, जिसने पूरे पुलिस महकमे में उत्साह और गर्व का माहौल बना दिया।



