
Nitya Samachar UK
नरेंद्रनगर। नरेंद्रनगर पालिका चुनाव के दौरान प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और एक महिला के बीच हुई तीखी नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में बहस तेज हो गई है। इस मामले में अब जनता के साथ-साथ विभिन्न दलों के जनप्रतिनिधियों की प्रतिक्रियाएँ भी सामने आने लगी हैं। खास बात यह है कि मंत्री के समर्थन में केवल सत्तापक्ष ही नहीं, बल्कि विपक्ष से जुड़े कई नेता भी खुलकर अपनी राय रख रहे हैं।
खानपुर से विधायक उमेश कुमार ने पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वर्तमान समय में राजनीति में एक नया ट्रेंड देखने को मिल रहा है, जिसमें “कैमरा खोलो, बड़े नेताओं को उकसाओ और टीआरपी पाओ” जैसी मानसिकता हावी होती जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी लोकप्रिय नेता को जानबूझकर उकसाकर उसकी प्रतिक्रिया को पूरे घटनाक्रम का केंद्र बना देना लोकतांत्रिक विरोध नहीं, बल्कि राजनीतिक प्रदर्शन का हिस्सा बनता जा रहा है।
उमेश कुमार ने कहा कि यदि किसी मंत्री, विधायक या जनप्रतिनिधि से कोई गलती हुई है तो उसके लिए कानून, चुनाव आयोग और न्यायिक व्यवस्था मौजूद है। मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई भी होनी चाहिए। लेकिन किसी व्यक्ति को योजनाबद्ध तरीके से उकसाकर उसकी प्रतिक्रिया को वायरल करना स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपरा नहीं माना जा सकता।
इस बीच सोशल मीडिया पर भी बड़ी संख्या में लोग मंत्री सुबोध उनियाल के समर्थन में अपनी बात रख रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि राजनीति में विरोध और असहमति का अधिकार सभी को है, लेकिन इसके साथ व्यक्तिगत सम्मान और मर्यादा का पालन भी उतना ही आवश्यक है।
समर्थकों का कहना है कि सुबोध उनियाल उत्तराखंड की राजनीति के उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हैं जो आज भी आम जनता के लिए सहज रूप से उपलब्ध रहते हैं। सचिवालय, विधानसभा, सरकारी कार्यालयों से लेकर निजी आवास तक लोग अपनी समस्याएँ लेकर उनसे मिलते रहे हैं। उत्तरकाशी, टिहरी, चकराता और हरिद्वार सहित विभिन्न क्षेत्रों में उनके जनसंपर्क और कार्यशैली को लेकर सकारात्मक उदाहरण दिए जाते हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि किसी भी जनप्रतिनिधि का मूल्यांकन किसी एक वीडियो क्लिप या किसी एक क्षण की प्रतिक्रिया के आधार पर नहीं किया जाना चाहिए। किसी नेता के सार्वजनिक जीवन, कार्यशैली और लंबे राजनीतिक अनुभव को भी समान रूप से देखा जाना आवश्यक है।
घटना के बाद एक नया सवाल भी चर्चा में है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि संबंधित महिला नरेंद्रनगर क्षेत्र की मतदाता नहीं थीं, तो वह मतदान केंद्र परिसर तक किस प्रकार पहुँचीं। लोगों ने निर्वाचन अधिकारियों से पूरे मामले की पारदर्शी जांच कर तथ्यों को सार्वजनिक करने की मांग की है, ताकि स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सके।
फिलहाल यह मामला राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं समर्थकों का कहना है कि राजनीति में पद हासिल करना आसान हो सकता है, लेकिन दशकों तक जनता के बीच रहकर उनकी अपेक्षाओं और विश्वास को बनाए रखना चुनौतीपूर्ण होता है, और यही किसी जनप्रतिनिधि की वास्तविक पहचान भी बनाता है।



