
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। उत्तराखंड की प्रमुख बस परिवहन संस्था यातायात एवं पर्यटन विकास सहकारी संघ लिमिटेड के संचालक मंडल के चुनाव 09 जून 2026 को प्रधान कार्यालय, देहरादून रोड में शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद सुधीर राय, दाताराम रतूड़ी, मदन कोठारी और नरेश नौटियाल को संचालक (निदेशक) पद के लिए निर्वाचित घोषित किया गया।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही परिवहन व्यवसाय से जुड़े सदस्यों एवं समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। नवनिर्वाचित निदेशकों को शुभकामनाएं देने के लिए बड़ी संख्या में परिवहन व्यवसायी, समिति के सदस्य एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे।
इसके उपरांत सभी नवनिर्वाचित निदेशकों का संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति के पदाधिकारियों द्वारा यात्रा बस स्टेशन स्थित रोटेशन कार्यालय में फूल-मालाओं और पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। स्वागत समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने नवनिर्वाचित निदेशकों को बधाई देते हुए उनसे संस्था के विकास, परिवहन सेवाओं के सुदृढ़ीकरण तथा सदस्यों के हितों को प्राथमिकता देने की अपेक्षा जताई।
इस अवसर पर संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति के अध्यक्ष भास्करानंद भारद्वाज ने कहा कि नवगठित संचालक मंडल के नेतृत्व में संस्था नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी तथा परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। वहीं उपाध्यक्ष बलबीर रौतेला ने सभी निर्वाचित निदेशकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
स्वागत कार्यक्रम में दिनेश बहुगुणा, सुरेन्द्र चौधरी, अजय बधानी, नवीन तिवाड़ी सहित समिति के अन्य पदाधिकारी, सदस्य एवं परिवहन व्यवसायी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने संगठन की एकजुटता बनाए रखने और परिवहन क्षेत्र के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प भी लिया।
नवनिर्वाचित निदेशकों ने अपने स्वागत के लिए सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संस्था की गरिमा को बनाए रखते हुए पारदर्शिता, बेहतर प्रबंधन और सदस्यों के हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे। साथ ही उन्होंने यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने और परिवहन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए सामूहिक प्रयास करने का भरोसा दिलाया।



