Nitya Samachar UK
ऋषिकेश 28 जुलाई। ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने रायवाला के हरिपुर कला स्थित वैदिक सनातन धर्म मंदिर एवं संत मेही अतिथेयम परिसर में नवनिर्मित “संत मेही अतिथेयम” भवन का विधिवत लोकार्पण किया। गुरु पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर आयोजित इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि गुरु पूर्णिमा जैसे पावन अवसर पर आयोजित आध्यात्मिक कार्यक्रम समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि संतों की संगति मानव जीवन को श्रेष्ठ बनाती है और समाज में नैतिक मूल्यों, प्रेम, भाईचारे तथा सद्भावना को मजबूत करती है।
उन्होंने कहा कि संत एक दीपक के समान होते हैं, जो स्वयं जलकर दूसरों के जीवन को प्रकाशमान करते हैं। संतों के मार्गदर्शन और आशीर्वाद से समाज एवं प्रदेश के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन आध्यात्मिक चेतना को जागृत करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ने का कार्य भी करते हैं।
कार्यक्रम में पूज्य व्यासनंद महाराज, महामंडलेश्वर ललितानंद गिरी महाराज, पूज्य देवानंद महाराज, साध्वी प्राची, भारत माता मंदिर से आईं डी. शास्त्री, महंत रामदास महाराज, दिनेश नाथ, चंदन सिंह, मधुर शर्मा सहित अनेक संत-महात्मा एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने भक्ति और श्रद्धा के वातावरण में कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समापन पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने आयोजन समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन समाज में संस्कार, सेवा और आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करते हैं तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं।

