
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूरी के निधन के बाद राज्य सरकार ने प्रदेशभर में शोक अवकाश घोषित किया है। सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार 20 मई 2026 को उत्तराखंड के सभी सरकारी एवं गैर सरकारी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे।
भुवन चंद्र खंडूरी का मंगलवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे उत्तराखंड में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।
राज्य सरकार ने उनके सम्मान में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। 19 मई से 21 मई तक प्रदेश में राजकीय शोक रहेगा। इस दौरान सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा तथा सरकारी स्तर के सांस्कृतिक एवं औपचारिक कार्यक्रम स्थगित रहेंगे।
सरकार के आदेश के तहत 20 मई को प्रदेश के सभी सरकारी स्कूल, सहायता प्राप्त विद्यालय, निजी स्कूल, कॉलेज तथा अन्य शिक्षण संस्थान बंद रखे जाएंगे। शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन को आदेशों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।
भुवन चंद्र खंडूरी उत्तराखंड की राजनीति में सादगी, ईमानदारी और अनुशासित प्रशासन के लिए जाने जाते थे। वह दो बार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहे और भारतीय सेना में मेजर जनरल के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। उनके निधन को प्रदेश की राजनीति के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है।



