
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:ऋषिकेश में आईडीपीएल पुलिस चौकी परिसर में खड़े दर्जनों वाहनों में अचानक आग लग गई। आग लगने से चौकी में अफरा तफरी मच गई। चौकी के बाहर आने जाने वाले लोगों के भी भीषण आग देख रोंगटे खड़े हो गए।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद फायर कर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बगैर वाहनों में लगी आग को बुझाया। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। जिससे आग पुलिस चौकी और दूर खड़े अन्य वाहनों तक नहीं पहुंची। प्रथम दृष्टि 30 वाहनों में आग लगने की जानकारी पता चली है। यह सभी वाहन आग लगने के कारण कबाड़ में तब्दील हो गए हैं।
मौके पर मौजूद सीपीयू के कर्मचारी नीरज रावत ने बताया कि ऐसा लगता है जैसे वाहनों के आसपास उगी झाड़ियों में किसी ने कोई सुलगता हुआ पदार्थ फेंक दिया। जिससे सूखी झाड़ियां अचानक जलने लगी और देखते ही देखते आग चौकी परिसर में खड़े वाहनों तक पहुंच गई। फायर अफसर सुनील दत्त तिवारी ने बताया कि आग लगने की जांच की जा रही है। फिलहाल विकराल रूप से लगी आग को बुझा दिया गया है।



