







Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:देहरादून रोड पर काली मंदिर के पास उत्तराखंड पुलिस के आईजी की कार का एक्सीडेंट हो गया है। उनकी कार को विपरीत दिशा से आ रही एक कार ने जोरदार टक्कर मारी है। घटना में आईजी अनंत शंकर ताकवाले घायल होने से बाल बाल बचे हैं। बताया जा रहा है कि टक्कर मारने वाली कार के चालक को अचानक नींद की झपकी लगी, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने दूसरे वाहन का इंतजाम कर आईजी को सुरक्षित देहरादून की ओर रवाना किया। जानकारी के मुताबिक आईजी नरेंद्र नगर स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में आयोजित पासिंग परेड के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए थे। कार्यक्रम की समाप्ति के बाद वह दर्शन करने के लिए मां कुंजापुरी मंदिर भी गए। वापसी में देहरादून रोड पर काली मंदिर के पास उनकी कार को देहरादून की ओर से आ रही कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि आईजी की कार घूम कर दूसरी दिशा में चली गई। गनीमत यह रही कि हादसे में आईजी को किसी भी प्रकार की चोट नहीं आई। टक्कर मारने वाली कार भी क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चालक और एक अन्य व्यक्ति भी घायल होने से बाल बाल बच गए।

पुलिस ने आईजी की क्षतिग्रस्त कार को रानी पोखरी थाने में खड़ा कर दिया है। IG अनंत शंकर ताकवाले ने बड़ा दिल दिखाते हुए आदेश दिया जिसके बाद ड्राइवर से पूछताछ कर उसे छोड़ दिया गया है.IG का मानना था की यह दुर्घटना गलती से हुआ है ऐसे में व्यक्ति पर कोई कार्यवाही ना की जाए.











