
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:शैलेंद्र सिंह नेगी के ट्रांसफर होने के बाद गोपाल राम बिनवाल ने नगर आयुक्त ऋषिकेश का चार्ज संभाल लिया है। चार्ज संभालने के बाद पर्यावरण मित्रों और नगर निगम कर्मचारी ने नगर आयुक्त से मुलाकात की और उनको पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया। स्वागत होने पर नगर आयुक्त काफी खुश और गदगद नजर आए। इस दौरान नगर आयुक्त ने शहर के लिए अपनी प्राथमिकताओं को गिनाया।
नगर आयुक्त ने बताया कि शहर की साफ सफाई व्यवस्था को और ज्यादा बेहतर करना, इसके अलावा बरसात के दिनों में लोगों को जल भराव की समस्या से निजात दिलाना उनकी पहली प्राथमिकता में शामिल है। बरसात के समय चार धाम यात्रा रुकने पर श्रद्धालुओं के लिए शहर में रहने की व्यवस्था करना भी नगर आयुक्त ने अपनी प्राथमिकता में शामिल होना बताया है। चार धाम यात्रा बिना किसी बाधा के ऋषिकेश से संचालित हो इसकी व्यवस्था करने की बात भी नगर आयुक्त ने कही है। शहर को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए भी अभियान चलाया जाएगा।
नगर निगम की आमदनी बढ़ाने के लिए भी कई अहम कदम उठाए जाएंगे। जनता की समस्याओं का समाधान भी प्राथमिकता से करने का दावा नगर आयुक्त ने किया है। नगर आयुक्त ने बताया कि शहर की समस्या के समाधान के लिए प्रत्येक व्यक्ति उनसे सीधे आकर मिल सकता है।