
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश।नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी हुए अभी महज दो दिन भी नहीं बीते हैं, लेकिन ऋषिकेश में दल-बदल शुरू हो गया है। कांग्रेस के टिकट से पिछले चुनाव में पार्षद निर्वाचित होने वाले जगत सिंह नेगी ने एकाएक क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल की मौजूदगी में भाजपा का दामन थाम लिया है। वह अकेले नहीं गए हैं, बल्कि साथ में कांग्रेसी कहे जाने वाले पुष्कर सिंह बंगवाल को भी ले गए हैं।
नगर निगम के 40 वार्डों में एक अदद वार्ड में पार्षद रह चुके जगत सिंह नेगी और कांग्रेसी पुष्कर सिंह बंगवाल जा चुके हैं। कुछ दिन पहले ही अचानक से बढ़ी सर्दी की ठिठुरन का सियासी असली अहसास अब शहर के राजनीतिज्ञों को भी महसूस हो रहा है। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राकेश मियां की मानें, तो जगत सिंह के घर के नजदीक ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का निवास है, जिसके चलते उनके प्रभाव में आकर उन्होंने संभवत: यह कदम उठाया है। हालांकि, अचानक से स्थानीय राजनीति में बदले सियासी घटनाक्रम में अब संबंधित वार्ड में भी हलचल तेज हो गई है।
यहां पहले से संगठन के कई कार्यकर्ता पार्षद टिकट के लिए दावेदारी कर चुके हैं। दल-बदल से एकाएक वार्ड में भी चुनावी चर्चा तेज हो गई है। निकाय चुनाव में स्थानीय कांग्रेसियों की दशकों तक नगरपालिका से लेकर निगम में सत्ता हासिल करने के प्रयास को भी इक हल्का झटका लगा है। हालांकि, वह इसे महज मौका परस्ती बता रहे हैं।