Nitya Samachar UK
देहरादून/नई टिहरी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान और रेड अलर्ट के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने एहतियातन 20 जुलाई 2026 (सोमवार) को देहरादून और टिहरी गढ़वाल जनपद के सभी सरकारी, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान दोनों जनपदों में कई स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, आकाशीय बिजली गिरने और तेज बारिश की संभावना जताई गई है। संभावित आपदा और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
देहरादून के जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और टिहरी गढ़वाल की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल द्वारा जारी आदेश में मुख्य शिक्षा अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।
जिला प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों के किनारे न जाएं तथा प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

