Nitya Samachar UK
ऋषिकेश, 27 जुलाई। ऋषिकेश क्षेत्र के गढ़ी मयचक में लगभग 52 बीघा भूमि पर विकसित की गई आवासीय प्लॉटिंग में मूलभूत सुविधाओं का अभाव लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। यहां कई लोगों ने प्लॉट खरीदकर उनकी विधिवत रजिस्ट्री भी करा ली है, लेकिन लंबे समय से बिजली और पानी के कनेक्शन नहीं मिलने के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रजिस्ट्री होने के बाद भी संबंधित विभाग बिजली और पेयजल कनेक्शन देने में आनाकानी कर रहा है। इससे कई परिवार अपने मकानों का निर्माण शुरू नहीं कर पा रहे हैं, जबकि कुछ लोग निर्माण पूरा होने के बाद भी आवश्यक सुविधाओं से वंचित हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि जब भूमि की रजिस्ट्री वैधानिक रूप से हो चुकी है, तो मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में देरी का कोई औचित्य नहीं है। उनका आरोप है कि विभागीय स्तर पर स्पष्ट निर्णय न होने के कारण आम नागरिकों को परेशान होना पड़ रहा है।
इस मामले को लेकर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधी सुधीर राय ने भी संबंधित विभागों से शीघ्र समाधान की मांग की है।उनका कहना है कि बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं प्रत्येक नागरिक का अधिकार हैं और विभाग को बिना अनावश्यक देरी के कनेक्शन उपलब्ध कराने चाहिए।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि गढ़ी मयचक की इस समस्या का जल्द समाधान किया जाए, ताकि रजिस्ट्री करा चुके लोगों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके और उन्हें अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल सके।

