
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:जनपद टिहरी के 24 वर्षीय रोहित भट्ट ने दुनिया की सबसे ऊंची पर्वत चोटी माउंट एवरेस्ट पर फतह हासिल की है। माउंट एवरेस्ट की चोटी पर तिरंगा फहराने के बाद ऋषिकेश पहुंचे रोहित भट्ट का भव्य स्वागत और सम्मान लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन ने किया है। सम्मान मिलने से रोहित भट्ट काफी खुश और गदगद नजर आए हैं। उन्होंने इस सम्मान को अपनी हौसला अफजाई के रूप में स्वीकार किया है। रोहित भट्ट की इस उपलब्धि से जनपद टिहरी का नाम पूरी दुनिया में फिर से रोशन हुआ है।
बता दें कि रेलवे रोड स्थित एक होटल में लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन ने कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में दुनिया की सबसे ऊंची पर्वत चोटी माउंट एवरेस्ट पर फतह हासिल करने वाले टिहरी निवासी पर्वतारोही रोहित भट्ट पहुंचे। लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन के सदस्यों ने रोहित भट्ट को चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया। नकद पुरस्कार और प्रतीक चिन्ह देकर रोहित भट्ट की हौसला अफजाई की।
रोहित भट्ट ने बताया कि चार साल पहले उन्होंने पर्वतारोही बनने की दिशा में करियर बनाना शुरू किया। 21 मई 2025 को उन्होंने 8848 मीटर की ऊंचाई वाली दुनिया की सबसे ऊंची पर्वत चोटी माउंट एवरेस्ट को जीतने का मुकाम हासिल किया है। इस मुकाम को हासिल करने में उन्हें मौसम रहने और खाने-पीने की कई प्रकार की दिक्कतों को सहना पड़ा। लेकिन उन्होंने हर चुनौती को स्वीकार किया। रोहित भट्ट ने उत्तराखंड के युवाओं को पढ़ाई के साथ अपने मनपसंद के खेल पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया है। इसी के साथ उन्होंने युवाओं को जातिवाद के जाल में नहीं फंसने के लिए भी कहा है।
लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन के संस्थापक अध्यक्ष ललित मोहन मिश्रा ने कहा कि रोहित भट्ट ने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट को जीत कर देश के युवाओं को एक प्रेरणा दी है कि वह नशे को छोड़कर खेल की दुनिया में भी अपना करियर अपने मन मुताबिक बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को रोहित भट्ट से प्रेरणा लेने की जरूरत है। आज रोहित भट्ट को हौसला अफजाई के लिए चांदी का मुकुट पहनकर नकद पुरस्कार और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया है।
कार्यक्रम में विनीत चावला,गौरव चावला, महेश किंगर, जयेंद्र रमोला, दिनेश अरोड़ा,विकास ग्रोवर, प्रदीप गुप्ता,अनिरुद्ध गुप्ता नवीन गांधी,घनश्याम डंग,जगदंबा प्रसाद भट्ट, राजीव अरोड़ा,जगमीत सिंह, विशाल संगर आदि उपस्थित रहे।