





Nitya Samachar UK
ऋषिकेश, 2 सितम्बर।अखिल भारतीय सनातन संगठन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. राजे नेगी ने उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र प्रेषित कर आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायक फीचर फिल्म “हनुमान अंश” को राज्य में टैक्स फ्री किए जाने का अनुरोध किया है।
डॉ. नेगी ने कहा कि यह फिल्म भगवान श्री हनुमान के आदर्शों, सनातन संस्कृति, राष्ट्रभक्ति, सेवा, त्याग एवं नैतिक मूल्यों का सशक्त संदेश समाज तक पहुँचाती है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान को देखते हुए ऐसी प्रेरणादायक फिल्मों को प्रोत्साहन मिलना चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि जनहित एवं सांस्कृतिक हित को ध्यान में रखते हुए फिल्म “हनुमान अंश” को उत्तराखण्ड में मनोरंजन कर से मुक्त (टैक्स फ्री) घोषित किया जाए, ताकि विद्यार्थी, युवा एवं परिवार अधिक संख्या में इस प्रेरणादायक फिल्म का लाभ उठा सकें।
डॉ. नेगी ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार सनातन संस्कृति एवं भारतीय मूल्यों को बढ़ावा देने वाली इस जनजागरणकारी पहल पर सकारात्मक निर्णय लेगी।







