





Nitya Samachar UK
ऋषिकेश 2 सितंबर 2026।ऋषिकेश के आईडीपीएल क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होने के बाद यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, 7 जुलाई 2026 को पीड़िता के भाई ने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया कि उसकी 16 वर्षीय बहन 1 जुलाई को अपनी परिचित युवती के साथ आईडीपीएल क्षेत्र में गई थी, जहां कुछ युवकों ने दोनों को शराब पिलाई। आरोप है कि नाबालिग के नशे की स्थिति का फायदा उठाकर उसके साथ यौन अपराध किया गया और बाद में उसे रात में घर छोड़ दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में गठित टीम ने विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों, उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर शिवम उर्फ शुभम, गोविन्द और दीपक उर्फ डीपी को जांच के दायरे में लिया।
पुलिस के अनुसार विवेचना में सामने आया कि 30 जून/1 जुलाई की रात आरोपियों ने नाबालिग और उसकी परिचित युवती को आईडीपीएल स्थित एक गोदाम में बुलाया था, जहां उन्हें शराब पिलाई गई। पुलिस का दावा है कि नाबालिग के अत्यधिक नशे में होने का फायदा उठाकर उसके साथ यौन अपराध किया गया।
विवेचना में गोविन्द और दीपक उर्फ डीपी की भूमिका यौन अपराध में, जबकि शिवम उर्फ शुभम की भूमिका नाबालिग को अपने साथ लाने और कथित षड्यंत्र में शामिल होने के रूप में सामने आने की बात पुलिस ने कही है।
इसके बाद पुलिस ने मुकदमे में धारा 137(2), 70(2), 75(2), 61(2) बीएनएस तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 5/6/7/8 की बढ़ोतरी की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी
शिवम उर्फ शुभम, उम्र 19 वर्ष, निवासी इब्राहिमपुर, रामपुर, रुड़की, हरिद्वार।
गोविन्द, उम्र 21 वर्ष, निवासी श्यामनगर, सुनहैरा, रुड़की, हरिद्वार।
दीपक उर्फ डीपी, उम्र 20 वर्ष, निवासी सुनहैरा, रुड़की, हरिद्वार।
पुलिस टीम
निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, व0उ0नि0 नवीन जोशी, उ0नि0 राजकुमार, म0उ0नि0 ज्योति और कांस्टेबल सौरभ वालिया ने कार्रवाई में भूमिका निभाई।







