Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। रेन बुकई कराटे एकेडमी, आईडीपीएल ऋषिकेश द्वारा रविवार को आईडीपीएल स्थित रामलीला कमेटी भवन में कराटे बेल्ट परीक्षा में सफल खिलाड़ियों के सम्मान में बेल्ट एवं प्रमाणपत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न बेल्ट परीक्षाओं में सफल खिलाड़ियों को अतिथियों ने बेल्ट पहनाकर एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
एकेडमी के संस्थापक, अंतरराष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी एवं कोच कमल सिंह बिष्ट ने बताया कि हाल ही में आयोजित बेल्ट परीक्षा में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता प्राप्त की। उन्होंने कहा कि एकेडमी का उद्देश्य बच्चों को आत्मरक्षा के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और बेहतर व्यक्तित्व विकास के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के अध्यक्ष डॉ. राजे नेगी, रामलीला कमेटी अध्यक्ष अविनाश सेमल्टी तथा समाजसेवी आशुतोष शर्मा ने संयुक्त रूप से खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर डॉ. राजे नेगी ने कहा कि आज के दौर में बच्चों का बढ़ता मोबाइल फोन उपयोग चिंता का विषय बन गया है। मोबाइल की लत बच्चों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को मोबाइल से दूर रखकर खेल मैदानों की ओर प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि कराटे जैसे खेल बच्चों को आत्मरक्षा के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और शारीरिक रूप से मजबूत बनने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने सभी सफल खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा नियमित अभ्यास और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
समारोह में येलो, येलो सीनियर, ब्लू, ग्रीन, ग्रीन सीनियर और ब्राउन बेल्ट प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, अभिभावक एवं कराटे प्रशिक्षक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों के उत्साह की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत और समर्पण के साथ खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

