
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र रहने वाली चार धाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ 3 मई को ऋषिकेश से होगा। ट्रांसिट कैंप ऋषिकेश में यात्रा के शुभारंभ के लिए संयुक्त रोटेशन व्यवस्था समिति ने भव्य कार्यक्रम के आयोजन की रूपरेखा तैयार की है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहुंचेंगे। जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, वन मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल और महापौर शंभू पासवान शामिल होंगे।
इस संबंध में आज संयुक्त रोटेशन व्यवस्था समिति के कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। जिसमें समिति के अध्यक्ष भूपाल सिंह नेगी ने कार्यक्रम को लेकर कई अहम जानकारियां दी। उन्होंने बताया कि पहली बार चार धाम यात्रा के शुभारंभ अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं को गढ़ भोज कराया जाएगा। भोज में मुख्य रूप से भड्डू की दाल भात और गढ़वाली व्यंजन पारंपरिक रूप से जमीन पर बैठाकर श्रद्धालुओं को परोसे जाएंगे। गढ़ भोज का उद्देश्य उत्तराखंड की संस्कृति से श्रद्धालुओं को रूबरू कराना है। क्योंकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार पहाड़ी व्यंजनों को देश-विदेश में पहचान दिलाने का काम कर रहे हैं। संयुक्त रोटेशन व्यवस्था समिति ने भी इस कार्यक्रम से मुख्यमंत्री के प्रयासों को मजबूत करने का काम कर रही है।
बता दें कि पहली बार चार धाम यात्रा के शुभारंभ अवसर पर दूसरे राज्य से आने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा पर जाने से पहले गढ़ भोज चखने का मौका मिलने जा रहा है। प्रेस वार्ता के दौरान, मनोज ध्यानी, संजय शस्त्री, मेयर शंभू पासवान, दिनेश बहुगुणा, नवीन तिवाड़ी आदि उपस्थित रहे।