
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:भट्टोवाला रेलवे फाटक के पास शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। रेलवे ट्रैक पर एक 55 वर्षीय व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक 17 अप्रैल की रात लगभग 10:05 बजे पुलिस चौकी को सूचना मिली कि रेलवे फाटक खंबा नंबर 4/16 के पास ट्रैक पर एक शव पड़ा है। सूचना पाकर अपर उप निरीक्षक मनोज रावत पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा शव बरामद किया। पुलिस द्वारा ट्रैक के आसपास गहन तलाशी ली गई, जिसमें एक आईडी कार्ड बरामद हुआ। आईडी कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान वीरेंद्र दत्त बेलवाल 55 वर्ष पुत्र शिवानंद बेलवाल निवासी अमित ग्राम गुमानीवाला रुषा फॉर्म के रूप में हुई, बेलवाल उत्तराखण्ड कॉपरेटिव बैंक में सीनियर ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्य कर रहे थे।
हादसे की खबर फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों का जमावड़ा लग गया। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह दुर्घटना है, आत्महत्या। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। अपर उप निरीक्षक मनोज रावत ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। क्षेत्र में इस घटना को लेकर गहरा शोक और सस्पेंस बना हुआ है।


