Nitya Samachar UK
ऋषिकेश:30 जुलाई।भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक जिला ऋषिकेश ने व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक एकांत गोयल को तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता सहित सभी दायित्वों से निष्कासित कर दिया है। जिला अध्यक्ष राजेन्द्र तड़ियाल की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि एकांत गोयल द्वारा संगठनात्मक अनुशासन का उल्लंघन एवं अनुशासनहीनता किए जाने के कारण यह कार्रवाई की गई है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब गुरुवार को एकांत गोयल ने समाजसेवी सुधीर रॉय और अन्य लोगों के साथ मिलकर ऋषिकेश में आवारा सांडों और लावारिस पशुओं की समस्या को लेकर नगर निगम कार्यालय के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि आवारा पशुओं के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन नगर निगम और प्रशासन इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठा रहे हैं।
एकांत गोयल का बयान
निष्कासन की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए एकांत गोयल ने कहा,
“आज हमने ऋषिकेश की जनता की सुरक्षा के लिए नगर निगम के बाहर आवारा पशुओं के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। मेरा मानना है कि यही कारण है कि पार्टी ने मुझे निष्कासित कर दिया। यदि जनता की आवाज़ उठाना और लोगों की जान बचाने की मांग करना अनुशासनहीनता है, तो मैं यह संघर्ष आगे भी जारी रखूंगा। मेरा उद्देश्य किसी व्यक्ति या संगठन का विरोध नहीं, बल्कि शहर को आवारा पशुओं से मुक्ति दिलाना है।”एकांत गोयल ने कहा कि वे भविष्य में भी आम नागरिकों के हितों से जुड़े मुद्दों पर आवाज़ उठाते रहेंगे और आवारा पशुओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को जारी रखेंगे।
इस घटनाक्रम के बाद ऋषिकेश के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। एक ओर भाजपा ने इसे संगठनात्मक अनुशासन का मामला बताया है, वहीं दूसरी ओर निष्कासन को नगर निगम के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

