

Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। जिला योजना समिति (DPC) के चुनाव में ऋषिकेश से संध्या बिष्ट गोयल और राजेंद्र प्रेम सिंह बिष्ट ने जीत दर्ज की है। शुक्रवार को चुनाव परिणाम शाम 4 बजे घोषित किया गया। परिणाम सामने आते ही चुनाव को लेकर चल रही सरगर्मियों पर विराम लग गया।
ऋषिकेश में जिला योजना समिति की दो सीटों के लिए कुल चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। इनमें संध्या बिष्ट गोयल और राजेंद्र प्रेम सिंह बिष्ट ने जीत हासिल कर समिति में अपनी जगह बनाई। वहीं, अन्य प्रत्याशी आशु डंग और सत्य प्रकाश कपरवान को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा।

40 पार्षदों के मतदान से हुआ फैसला
ऋषिकेश नगर निगम के कुल 40 पार्षदों को इस चुनाव में मतदान करना था। इन्हीं पार्षदों के मतों के आधार पर जिला योजना समिति के लिए दो सदस्यों का चयन किया गया। चुनाव को लेकर सुबह से ही राजनीतिक गतिविधियां तेज थीं और प्रत्याशी अपने पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए प्रयास कर रहे थे।चार प्रत्याशियों के बीच दो सीटों के लिए हुए इस मुकाबले में सभी की निगाहें परिणाम पर टिकी थीं। आखिरकार शाम 4 बजे परिणाम घोषित होने के बाद राजेंद्र प्रेम सिंह बिष्ट और संध्या बिष्ट गोयल के नाम विजेता के रूप में सामने आए। राजेंद्र प्रेम सिंह बिष्ट को 25 वोट और संध्या बिष्ट गोयल को 20 वोट पाकर जीता हासिल की जबकि आशु डंग को 18 और सत्य प्रकाश कपरवान को 17 वोट मिले.

विकास योजनाओं में रहेगी जिला योजना समिति की भूमिका
जिला योजना समिति जिले के विकास की योजनाओं के समन्वय और नियोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसे में ऋषिकेश से निर्वाचित दोनों सदस्यों से स्थानीय विकास से जुड़े विषयों और योजनाओं में भागीदारी की अपेक्षा रहेगी।




