
Nitya Samachar UK
नरेन्द्रनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत नरेन्द्रनगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए महज 24 घंटे के भीतर लगभग 8 लाख रुपये मूल्य के चोरी गए 32 लोहे के पानी के पाइपों की शत-प्रतिशत बरामदगी कर दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त ट्रक और अन्य स्क्रैप सामग्री भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई को ग्राम साबली निवासी जयराज सिंह खण्डका ने गजा-चम्बा मोटर मार्ग स्थित पम्पिंग योजना से 32 लोहे के पानी के पाइप चोरी होने की शिकायत कोतवाली नरेन्द्रनगर में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच, मैनुअल पुलिसिंग और मुखबिर तंत्र की मदद से 15 जुलाई को हरिद्वार के सलेमपुर, मंगलौर क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी गए सभी 32 पाइप, अन्य स्क्रैप सामग्री तथा घटना में प्रयुक्त ट्रक संख्या UK17CA-3604 बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हरिद्वार से चम्बा, खाड़ी और गजा क्षेत्र में ट्रक से ईंट सप्लाई का कार्य करते हैं। वापसी के दौरान ट्रक खाली होने पर अतिरिक्त कमाई के लिए कबाड़ ले जाते थे। करीब 15 दिन पहले उन्होंने गजा क्षेत्र में पम्पिंग योजना के पाइप देखे और उन्हें चोरी करने की योजना बनाई। ईंट उतारने के बाद उन्होंने पाइप ट्रक में लाद लिए और उन्हें रुड़की में कबाड़ी को बेचने जा रहे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहबान पुत्र शहजाद निवासी टाण्डा भनेड़ा, हाल निवासी सलेमपुर दादूपुर (हरिद्वार) तथा उस्मान पुत्र एहसान निवासी टाण्डा भनेड़ा, हाल निवासी ताताहेड़ी, थाना गंगोह, जनपद सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक देवराज शर्मा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक यशवन्त खत्री, एएसआई शान्ति प्रसाद डिमरी, हेड कांस्टेबल मनीष रावत, रामकुमार, कांस्टेबल विवेक कुमार तथा सीआईयू शाखा के उपनिरीक्षक ओमकांत भूषण, हेड कांस्टेबल अशोक कुमार और विकास सैनी की टीम ने अंजाम दिया।



