
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश। गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने क्षेत्र की जनता के लिए एक ही दिन में दो महत्वपूर्ण उपलब्धियों की जानकारी साझा करते हुए इसे गढ़वाल के विकास, सुगम आवागमन और जनसुविधाओं की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है।
सांसद ने बताया कि लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए 18 जुलाई से रामनगर–देहरादून सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है। प्रारंभिक चरण में यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन संचालित होगी। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इसके संचालन को सप्ताह में चार या पांच दिन तक बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कॉर्बेट सिटी के नाम से प्रसिद्ध रामनगर उत्तराखंड का प्रमुख पर्यटन केंद्र है। नई रेल सेवा शुरू होने से स्थानीय लोगों को देहरादून आने-जाने में सुविधा मिलेगी। साथ ही कॉर्बेट नेशनल पार्क और उत्तराखंड के अन्य पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को भी बेहतर रेल संपर्क का लाभ मिलेगा।
अनिल बलूनी ने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तराखंड की रेल सेवाओं का लगातार विस्तार हो रहा है।
इसी के साथ सांसद ने दिन की दूसरी बड़ी उपलब्धि का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय की सेंट्रल एम्पावर्ड कमेटी (CEC) ने लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग से जुड़े आदेश में प्रयुक्त “कमर्शियल वाहन” शब्द को लेकर बनी स्थिति को स्पष्ट कर दिया है। इसके बाद इस मार्ग पर अधिकांश आवश्यक वाहनों के संचालन का रास्ता साफ हो गया है।
अब इस मार्ग पर सवारी वाहन, सरकारी बसें, जीएमओयू (GMOU) की बसें, स्कूल बसें, किसानों के ट्रैक्टर तथा भवन निर्माण सामग्री ले जाने वाले वाहनों के संचालन की अनुमति मिल गई है। इससे क्षेत्र के हजारों नागरिकों, विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और आम लोगों को राहत मिलेगी।
सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि ये दोनों फैसले गढ़वाल में पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और आवागमन को नई गति देंगे। उन्होंने कहा कि हाल ही में धनगढ़ी पुल के लोकार्पण के बाद ये दोनों उपलब्धियां क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होंगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, सेंट्रल एम्पावर्ड कमेटी (CEC) और सभी संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए गढ़वाल और रामनगर क्षेत्र की जनता को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।



