
Nitya Samachar UK
नरेंद्रनगर/टिहरी गढ़वाल, 30 मई 2026। टिहरी पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 100 पेटी हरियाणा मार्का अवैध अंग्रेजी बीयर बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशन में जनपद भर में अवैध मादक पदार्थों एवं शराब की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। चारधाम यात्रा और नरेंद्रनगर नगर पालिका चुनाव को देखते हुए पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण में कोतवाली नरेंद्रनगर पुलिस, एसओजी और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने गुजराडा तिराहे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध प्रतीत होने वाले वाहन संख्या UK07 CD 3293 पिकअप लोडर को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 100 पेटी अवैध हरियाणा मार्का अंग्रेजी बीयर बरामद हुई। पूछताछ में चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अक्षय सिंह (28 वर्ष) पुत्र करण सिंह निवासी ग्राम कमगारपुर, थाना मंडावली, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) तथा वर्तमान निवासी महादेवपुरम, सिडकुल हरिद्वार के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली नरेंद्रनगर में मुकदमा अपराध संख्या 16/2026 के तहत धारा 60(1), 63 एवं 72 आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उप निरीक्षक यशवंत खत्री, हेड कांस्टेबल रामकुमार, हेड कांस्टेबल दीपक गॉड, उप निरीक्षक ओमकांत, अपर उप निरीक्षक सुंदर, हेड कांस्टेबल विकास सैनी, कांस्टेबल आशीष नेगी (सीआईयू टीम) तथा अपर उप निरीक्षक कपिल (एएनटीएफ) शामिल रहे।
टिहरी पुलिस ने कहा है कि जनपद में अवैध शराब और नशा तस्करी के विरुद्ध “ऑपरेशन प्रहार” आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।



