
Nitya Samachar UK
ऋषिकेश 09.05.2026: उत्तराखंड राज्य विधिक प्राधिकरण के तत्वावधान में शुक्रवार को आईडीपीएल इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं के लिए विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव, साइबर अपराधों तथा उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पार्षद एवं अधिवक्ता अभिनव सिंह मलिक उपस्थित रहे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों की ओर अग्रसर होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने, सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने तथा ऑनलाइन ठगी और अन्य गलत गतिविधियों से बचने के लिए जागरूक किया।
इस अवसर पर अधिवक्ता आरती मित्तल ने छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बच्चों के अधिकारों, सुरक्षा और कानूनी संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है।
वहीं ममता रमोला ने भी विद्यार्थियों को विधिक जागरूकता और समाज में कानून के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कानून की जानकारी होने से व्यक्ति अपने अधिकारों और कर्तव्यों को बेहतर तरीके से समझ सकता है।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की। अंत में विद्यालय परिवार और उपस्थित अतिथियों ने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को समय की आवश्यकता बताते हुए इसकी सराहना की।



